नर्सिंग होम में रेप की कोशिश के आरोप में तीन युवकों को ले जाती पुलिस।
- फोटो : अमर उजाला
शामली के बुढ़ाना रोड स्थित नर्सिंग होम में अस्पताल में कार्य करने वाले तीन युवकों ने एक महिला तीमारदार को कमरे में खींच लिया और दुष्कर्म का प्रयास किया। महिला के शोर मचाने पर मौके पर एकत्र हुई भीड़ ने तीनों आरोपियों को पकड़ लिया और उनकी जमकर धुनाई की। मामले की सूचना पर पहुंची पुलिस ने तीनों को हिरासत में ले लिया। मामले में पीड़िता की ओर से तीनों आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया गया है। पुलिस ने रिपोर्ट कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
खरड़ फुुगाना निवासी एक महिला उपचार के लिए नगर के सिंघल नर्सिंग होम में भर्ती कराया गया था। जहां पर वह अपना इलाज करा रही थी। उसकी देखभाल के लिए उसकी भाभी अस्पताल में रुकी हुई थी। बताया जाता है कि बुधवार की रात्रि करीब एक बजे अस्पताल में तैनात तीन कंपाउंडरों ने महिला को दबोच लिया और उसे एक कमरे में खींच लिया। इस दौरान महिला की तीनों के साथ हाथापाई हुई।
इस दौरान हुए शोर-शराबे के बाद अस्पताल में जाग हो गई तथा महिला के परिजन आ गए। उन्होंने तीनों युवकों को पकड़ लिया और उनकी जमकर धुनाई कर दी। सुबह होने पर मामले की सूचना पुलिस को दी गई, जिस पर पुलिस मौके पर पहुंची और तीनों युवकों को हिरासत में ले लिया। बाद में पीड़िता की तहरीर पर तीनों आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। कोतवाली प्रभारी सतीश राय का कहना है कि मुकदमा दर्ज कर लिया गया है तथा आरोपियों को चालान किया जा रहा है।