शामली। शादी की तैयारियां चल रही थीं। बारात आ चुकी थी। दुल्हन पक्ष के लोग बारातियों की आवभगत में नाश्ता सजा रहे थे, लेकिन ये खुशियां ज्यादा देर नहीं ठहर सकीं और मातम पसर गया। क्योंकि शादी के चंद लमहे पूर्व ही युवती (दुल्हन) ने खुदकुशी कर ली। परिजनों ने पुलिस को सूचना दिए बगैर युवती के शव का अंतिम संस्कार कर दिया। वहीं, दूसरी बहन की सादगी से शादी की रस्म अदा करते हुए डोली विदा की गई।
मामला आदर्श मंडी थाना क्षेत्र के एक गांव का है। सोमवार को दो बहनों की बारात आई। परिवार के लोग कई दिन से शादी समारोह की तैयारियों में लगे हुए थे। इस दौरान घर में सभी रिश्तेदार भी आए हुए थे। पूर्वाह्न करीब 11 बजे दोनों सगी बहनों की बारात पहुंच गई। परिजन बारात के स्वागत की तैयारियों में जुट गए। जब बारात का स्वागत किया जा रहा था, तभी घर से चीख-पुकार सुनाई दी।
पता चला कि एक युवती ने कमरे में बंद होकर बिजली का तार पकड़ लिया। जोरदार करंट से झुलसने के कारण उसकी मौत हो गई। दुल्हन की मौत से परिजनों में कोहराम मच गया। धीरे-धीरे यह बात बारातियों समेत पूरे गांव में फैल गई। ग्रामीण व बारात में शामिल लोग भी घटना को सुनकर गमजदा थे। सूचना मिलते ही लोग पीड़ित परिवार के घर पहुंच गए और परिजनों को सांत्वना दी।
परिजनों ने पुलिस को सूचना दिए बगैर युवती का अंतिम संस्कार कर दिया। गांव के जिम्मेदार लोगों का कहना था कि शादी समारोह के दौरान हुई यह घटना दुखदायी है, युवती की मौत करंट लगने से हुई। युवती ने खुद ही बिजली का तार पकड़ लिया था, उसमें परिवार की गलती नहीं है।
चाचा ने अपनी बेटी से कराई शादी
युवती की मौत के बाद जब दूल्हा पक्ष बारात ले जाने लगा, तो ग्रामीणों ने रोक लिया। दुल्हन पक्ष की सहमति से युवती का चाचा अपनी बेटी की शादी कराने के लिए राजी हो गया। इसके चलते दोनों ही युवतियों की शादी सादगी से महज रस्म अदायगी के साथ संपन्न कराई गई।