शामली/बाबरी। यमुनानगर पॉपुलर लेकर जा रहे एक ट्रैक्टर चालक से बाइक सवार चार बदमाशों ने तमंचों के बल पर 25 हजार रुपये लूट लिए। वारदात को अंजाम देने के बाद बदमाश मौके से फरार हो गए। मामले की शिकायत पुलिस को की गई, पुलिस जांच शुरू कर दी है।
नूरहसन ने योगेंद्र निवासी बंतीखेड़ा के यहां से पॉपुलर खरीद रखे हैं और उनको कटवा रहा है। बृहस्पतिवार को साजिद निवासी भैंसानी इस्लामपुर ट्रैक्टर-ट्राली में लादकर पॉपुलर को यमुनानगर में बेचकर आया था।
उसने रकम के 25 हजार रुपये लेबर को दे दिए थे, और पच्चीस हजार रुपये उसके पास थे। शाम को वह दोबारा पॉपुलर लेकर यमुनानगर जा रहा था। बताया जाता है कि जैसे ही वह कैडी-बनत मार्ग पर पूर्व विधायक अब्दुल वारिस राव के बाग के पास पहुंचा तो उसी दौरान पीछे से एक बाइक पर सवार चार बदमाश आए और उन्होंने तमंचों के बल पर आतंकित करते हुए उसको रोक लिया।
बदमाशों ने साजिद को डराते धमकाते हुए उसके पास से हथियारों के बल पर 25 हजार रुपये लूट लिए और धमकी देते हुए फरार हो गए। सूचना पर बाबरी पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का मुआयना करते हुए जांच शुरू कर दी है।
उधर, आए दिन होने वाली लूटपाट की घटनाओं से लोगों में दहशत है, उन्होंने गश्त बढ़ाने की मांग की है।