शामली। प्रधानमंत्री मुद्रा ऋण योजना के नाम पर लोगों के साथ ठगी करने की आरोपी महिला रविवार को कोतवाली में पहुंची। महिला ने इस मामले में दूसरे युवक पर ठगी करने का आरोप लगाते हुए कार्रवाई की मांग की। पुलिस ने दोनों तहरीरों की जांच शुरू कर दी है।
शांतिनगर मोहल्ला निवासी महिला कोतवाली में पहुंची। महिला ने पुलिस को तहरीर देते हुए बताया कि उसके पति की गोहरनी निवासी एक युवक से मुलाकात हुई थी। उस युवक ने खुद को बैंक कर्मचारी बताकर प्रधानमंत्री मुद्रा ऋण योजना के नाम पर लोन दिलाने की बात कही थी। इसी चक्कर में आकर उसने अपने कुछ जानने वालों के आठ-आठ हजार रुपये उस युवक को दिलवा दिए थे।
आरोप है कि आज तक युवक ने ऋण नहीं दिलवाया। अब रुपये मांगने पर धमकी भी देनी शुरू कर दी है। पीड़िता का कहना है कि उससे आरोपी युवक ने पचास हजार रुपये की भी ठगी की है। पीड़िता ने मामले में जांच कर आरोपी के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। दरअसल, शनिवार को इसी महिला के खिलाफ लोगों ने ऋण के नाम पर दस-दस हजार की ठगी करने का आरोप लगाया था।
पुलिस ने मामले में दोनों तहरीरों की एक साथ जांच शुरू कर दी है। कोतवाली प्रभारी उमेश रोरिया का कहना है कि मामला संज्ञान में आया है। दोनों की जांच एक साथ की जा रही है। जल्द ही जो सही होगा उसको आधार मानकर कार्रवाई की जाएगी।