चौसाना क्षेत्र के गांव कमालपुर में घटना की जानकारी लेते एसपी व एएसपी।
- फोटो : अमर उजाला
शामली के गांव कमालपुर में दो दिन के अंदर तीन लोगों की कच्ची शराब पीने से मौत होने का शोर मचने से पुलिस महकमे में खलबली मच गई। दो लोगों की मौत मंगलवार को हुई, जबकि एक की सोमवार को हुई थी। मृतक परिवार के परिजनों ने पुलिस को हार्टअटैक के कारण सामान्य मौत बताकर कार्रवाई करने से इंकार कर दिया।
झिंझाना थाना क्षेत्र के गांव कमालपुर में मंगलवार को दो लोगों की मौत हो गई। इससे पहले सोमवार को एक युवक की मौत हो गई थी। मंगलवार सुबह गांव के एक व्यक्ति ने पुलिस कंट्रोल रूम को कॉल करके सूचना दी कि गांव में दो दिन के भीतर तीन लोगों की मौत कच्ची शराब पीने के कारण हुई है। गांव में अवैध रूप से कच्ची शराब बिकती है। इस सूचना पर पुलिस अधीक्षक दिनेश कुमार, सहायक पुलिस अधीक्षक श्लोक कुमार, सीओ कैराना राजेश तिवारी और झिंझाना थानाध्यक्ष राजकुमार शर्मा पुलिस बल के साथ गांव में पहुंचे। पुलिस अधिकारियों ने मृतकों के परिजनों से घटना के संबंध में जानकारी ली। इस पर परिजनों ने कह दिया कि दोनों की सामान्य मौत हुई है।
क्षेत्र में बिकती है कच्ची शराब
कमालपुर गांव में दो दिन के भीतर तीन लोगों की मौत कई सवाल खड़े कर रही है। दरअसल, झिंझाना क्षेत्र में अवैध रूप से शराब बनाने और बेचने का धंधा काफी समय से चलता रहा है। उधर, भाकियू के युवा जिलाध्यक्ष विनोद निर्वाल भी मंगलवार दोपहर गांव कमालपुर में पहुंचे। उन्होंने भी कहा कि अवैध रूप से नशीले पदार्थों की बिक्री पर रोक लगनी चाहिए। तीन लोगों की मौत के मामले की गंभीरता से जांच होनी चाहिए, ताकि सच्चाई सामने आ सके।
-- वर्जन --
पुलिस अधीक्षक दिनेश कुमार का कहना है कि कमालपुर गांव में जाकर घटना की जानकारी ली गई। मृतकों के परिजनों ने कानूनी कार्रवाई कराने से इंकार कर दिया और हार्टअटैक के कारण मौत होनी बताई है।