ऊन। सलेमपुर मार्ग रजवाहे पर एक युवक को बंधक बनाकर बदमाशों ने नगदी और मोबाइल लूट लिया। रिपोर्ट दर्ज कराने थाने पहुंचे पीड़ित के परिजनों और पुलिस के बीच नोकझोंक हुई।
गांव मलकपुर निवासी सादिक बुधवार दोपहर साइकिल से ऊन जा रहा था। सलेमपुर मार्ग रजवाहे के समीप सड़क पर खड़ी एक महिला ने बोझा उठवाकर सिर पर रखवाने के लिए उसे रोक लिया। युवक का आरोप है कि जैसे ही वह खेत में घुसा तो तीन नकाबपोश बदमाशों ने उसे बंधक बना लिया।
उससे 15 हजार रुपये और मोबाइल लूट लिया, विरोध करने पर बदमाशों ने उसकी पिटाई की। बदमाश उसे बांधकर गन्ने के खेत में डाल गए। कुछ देर बाद उसकी आवाज सुनकर खेत में पहुंचे राहगीरों ने उसे बंधक मुक्त किया।
सूचना पर पर युवक के परिजन और पुलिस मौके पर पहुंची। परिजनों का आरोप है कि पुलिस ने कार्रवाई करने के बजाय घटना को झूठा बताया और युवक को धमकाना शुरू कर दिया। इस दौरान उनकी पुलिस से तीखी नोकझोंक हुई। परिजनों ने पुलिस से मामले में कार्रवाई की मांग की है।