कांधला। बुढ़ाना मार्ग पर जीप को ओवरटेक करने की कोशिश में बाइक सामने से आ रही ट्रैक्टर ट्रॉली से टकरा गई। जिसमें एक युवक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दो गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया। पुलिस ने शव को कब्जे में ले लिया।
कांधला थाना क्षेत्र के गांव कनियान निवासी सुधीर अपने दो साथियों सोनू व मौजिज के साथ बाइक लेकर मेरठ शादी समारोह में शामिल होने के लिए जा रहा था। जब वह कांधला से बुढ़ाना मार्ग पर पहुंचे, तो आगे चल रही जीप को ओवरटेक करने लगे। इस दौरान बुढ़ाना की ओर से आ रही ट्रैक्टर ट्रॉली से उनकी बाइक की टक्कर हो गई।
टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बाइक के परखच्चे उड़ गए और उस पर सवार तीनों युवक उछलकर सड़क पर जा गिरे। इस दौरान बाइक चला रहा सुधीर ट्रैक्टर ट्रॉली के नीचे आ गया। जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उसके दो साथी सोनू व मौजिज घायल हो गए। राहगीरों की सूचना पर पुलिस घटनास्थल पर पहुंची।
पुलिस ने दोनों घायलों को सीएचसी में भर्ती कराया। जहां उनकी गंभीर हालत को देखते हुए मेरठ के लिए रेफर कर दिया गया। पुलिस ने शव को अपने कब्जे में ले लिया। थानाध्यक्ष नरेश कुमार यादव ने बताया कि मृतक सुधीर के परिजनों को घटना की जानकारी दे दी गयी है। आरोपी चालक ट्रैक्टर ट्रॉली छोड़कर फरार हो गया है। परिजनों के आने के बाद ही आगे की कार्रवाई की जाएगी।