शामली। शहर के टंकी रोड पर ट्रक से कुचलकर साइकिल सवार चौकीदार की मौत हो गई। ट्रक छोड़कर चालक फरार हो गया। पुलिस ने ट्रक कब्जे में ले लिया है।
मूलरूप से गांव जसाला निवासी रामअवतार (40) काफी समय से शामली के मोहल्ला शांतिनगर में रहता था। वह बनत स्थित कस्तूरबा गांधी विद्यालय में चौकीदार के रूप में नौकरी करता था।
शुक्रवार सुबह करीब पौने 11 बजे साइकिल से टंकी रोड की तरफ से धीमानपुरा रेलवे क्रासिंग की तरफ जा रहा था। इसी दौरान पीछे से आए ट्रक ने रामअवतार को टक्कर मार दी।
सडक पर गिरने के बाद ट्रक के पहिये के नीचे कुचलकर उसकी मौके पर मौत हो गई। इसके बाद चालक ट्रक को मौके पर छोड़कर फरार हो गया। सूचना पर कोतवाली शामली पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा। पुलिस ट्रक को थाने ले गई थी।