कांधला। बीमारी से तंग आकर बीए प्रथम वर्ष की छात्रा ने फांसी के फंदे पर लटकर खुदकुशी कर ली। परिजनों ने गमगीन माहौल में उसे सुपुर्दे खाक कर दिया। घटना के बाद परिवार में कोहराम मचा हुआ है। पुलिस मौके पर पूछताछ करने पहुंची, लेकिन परिजनों ने किसी भी कार्रवाई से इनकार कर दिया।
मोहल्ला नई बस्ती कांधला देहात निवासी नसीम की पुत्री शबाना बीए प्रथम वर्ष की छात्रा थी। परिजनों के मुताबिक शबाना पिछले कई माह से बीमार चल रही थी, जिसके कारण वह कई बार अपना मानसिक संतुलन खो देती थी। छात्रा का उपचार दिल्ली के एक प्राइवेट अस्पताल में चल रहा था। रविवार को शबाना के पिता किसी काम के लिए घर से बाहर गए थे और भाई बैंक से पैसे बदलने के लिए गया हुआ था।
दोपहर बाद जब घर पर कोई नहीं था, तो उसने कमरे का अंदर से दरवाजा किया और फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। परिवार के लोग घर लौटे तो कमरे का नजारा देखकर उनकी चीख निकल पड़ी। छात्रा को फांसी के फंदे से उतारकर उसके शव को सुपुर्द ए खाक कर दिया गया।
उधर, मामले की सूचना पर एसओ मौके पर पहुंचे और परिजनों से पूछताछ की, लेकिन परिवार के लोगों ने किसी भी तरह की कार्रवाई से इनकार कर दिया।