बाबरी। खेत में एक वृद्ध का शव मिलने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर जांच-पड़ताल शुरू की। वृद्ध के गले और सिर पर चोट के निशान मिले हैं। पुलिस ने आशंका जताई कि डंडा मारकर वृद्ध की हत्या की गई है। मृतक के पुत्र की ओर से अज्ञात में हत्या की रिपोर्ट दर्ज कराई गई है।
क्षेत्र के गांव कैड़ी निवासी ओमप्रकाश धीमान (74) शुक्रवार रात खेत पर गया हुआ था। शनिवार सुबह उसका शव गांव से करीब पांच सौ मीटर की दूरी पर कैड़ी-हींड मार्ग पर सतपाल सिंह के गन्ने के खेत में पड़ा मिला।
ग्रामीणों ने डायल-100 पुलिस को सूचना दी। जिसके बाद सीओ थानाभवन एसके त्यागी और थानाध्यक्ष बाबरी समय सिंह मौके पर पहुंच गए और घटनास्थल का मुआयना किया। मृतक के पुत्र विनय से पुलिस ने पूछताछ की और शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
उधर, इस मामले के बारे में थानाध्यक्ष बाबरी समय सिंह ने बताया कि मृतक के पुत्र की तहरीर पर पुलिस ने अज्ञात के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। वृद्ध के गले पर निशान तथा सिर पर चोट से पुलिस का मानना है किसी ने वृद्ध की डंडा मारकर या फिर गला घोटकर हत्या की है।