कांधला। कांधला कस्बा के मोहल्ला खैल में लूटपाट मचाने के इरादे से बदमाशों ने दरोगा के घर में धावा बोल दिया। परिवार के लोगों ने साहस दिखाते घेराबंदी की, तो बदमाशों ने चाकू से हमले की कोशिश की। एक आरोपी को पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया गया है।
कस्बा कांधला के मोहल्ला खैल निवासी रमेशचंद उत्तर प्रदेश पुलिस में उपनिरीक्षक (दरोगा) हैं और इन दिनों वह हापुड़ कोतवाली में तैनात हैं।
परिवार के लोगों के अनुसार मंगलवार देर रात तीन बदमाश घर में घुस गए और सामान खंगालने लगे। घर के अन्दर से आवाज सुनकर छत पर सो रहे परिवार के लोग जाग गए। दरोगा के बेटे विक्रान्त और कपिल ने शोर मचाते हुए बदमाशों को दबोचने का प्रयास किया। इस दौरान एक बदमाश ने दोनो भाइयों पर चाकू से जाने लेवा हमले की कोशिश की। दोनों भाइयों ने अपनी जान पर खेलते हुए बदमाश को पकड़ लिया, जबकि दो फरार हो गए। इसके बाद मोहल्ले के लोगों की भीड़ इकट्ठा हो गई।
मामले की सूचना पर थानाध्यक्ष नरेश कुमार यादव पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और पकड़े गए आरोपी को अपने साथ थाने ले आए। थानाध्यक्ष ने बताया कि गिरफ्तार आरोपी आशू कांधला का रहने वाला है। उसके कब्जे से एटीएम कार्ड, 250 रूपये नकदी, पर्स और मोबाइल फोन के अलावा चाकू बरामद किया गया है। आरोपी आशू से उसके साथियों के बारे में पूछताछ की जा रही है।
चोरी की कार चलाते दो पकड़े
शामली। मोहल्ला नानूपुरा से चोरी की कार के साथ दो युवकों को पकड़ा है। पुलिस ने दोनों को हिरासत में ले लिया। पकड़े गए दोनों युवकों से पूछताछ की जा रही है।
उधर, लिलौन निवासी महिला की तहरीर पर पुलिस ने ब्रजपाल व जगपाल को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया। दोनों का शांतिभंग में चालान किया गया।
गाड़ी को छोड़ खेतों के रास्ते भाग निकले बदमाश
शामली। आदर्श मंडी पुलिस से मुठभेड़ के दौरान बदमाश पिकअप छोड़कर भाग निकले। पांच बदमाशों के खिलाफ मामला दर्ज किया है। मंगलवार रात करीब एक बजे आदर्श मंडी पुलिस की टीम गश्त कर रही थी। तभी आरके पीजी कॉलेज के पास पिकअप में कुछ संदिग्ध लोग दिखाई दिए।
पुलिस टीम पूछताछ करने के लिए पिकअप के पास पहुंची, तो उसमें सवार युवक गाड़ी लेकर भागने लगे। जिस पर पुलिस टीम ने पीछा किया। इस दौरान बदमाशों ने फायरिंग कर दी। पीछा करते-करते पुलिस टीम सिलावर तक पहुंच गई।
जहां गाड़ी को छोड़कर पांचों बदमाश जंगलों के रास्ते भाग निकले। पुलिस ने तलाशी ली, तो उसमें से छह रस्सी बरामद हुईं। आदर्श मंडी एसओ ने बताया कि मामला दर्ज कर लिया गया है। रस्सी को देखकर अंदेशा जताया जा रहा है कि यह पशु चोर हो सकते हैं।