शामली। गांव खरड़ के जंगल में खेत खाली करने को लेकर लांक के दो चचेरे भाईयों के बीच कहासुनी के बाद मारपीट हो गई। आरोप है कि एक भाई ने दूसरे गोली मारकर घायल कर दिया। घायल को परिजनों ने गंभीर हालत में शामली अस्पताल भर्ती कराया, जहां से उसे मेरठ रेफर कर दिया गया।
शामली जनपद के गांव लांक निवासी महीपाल और जसबीर चचेरे भाई हैं। दोनो ने मुजफ्फरनगर जनपद के सीमावर्ती गांव खरड़ में जमीन खरीद रखी हैं। मंगलवार की दोपहर खेत पर गए थे। इसी दौरान खेत खाली करने को लेकर दोनों में कहासुनी के बाद मारपीट हो गई।
थानाध्यक्ष फुगाना वेदप्रकाश गिरि ने बताया कि मारपीट के बाद जसबीर ने महिपाल पर देशी तमंचे पर फायर कर दिया। पेट में गोली लगने से महिपाल गंभीर घायल हो गया। सूचना पर पहुंचे परिजनों ने महिपाल को शामली के निजी चिकित्सालय में भर्ती कराया गया। जहां से चिकित्सकों ने उसे मेरठ रेफर कर दिया। थानाध्यक्ष के मुताबिक घटनास्थल थाना फुगाना का क्षेत्र होने के कारण घटना की सूचना फुगाना पुलिस को दी गई है। इस संबंध में उनके पास अभी तक कोई तहरीर नहीं आई हैं।