शामली। कस्बा थानाभवन में हजरत मौलाना अशरफ अली थानवी के कब्रिस्तान के गेट का विवाद फिर गरमाने लगा है। कब्रिस्तान कमेटी के प्रबंधक ने आरोप लगाया है कि थानाभवन पुलिस ने दूसरे पक्ष के दबाव में आकर कब्रिस्तान में टीन शेड तोड़ दिया और अभद्रता की गई।
कब्रिस्तान कमेटी के प्रबंधक मौलाना नजमुल हसन ने अन्य लोगों के साथ सोमवार को पुलिस अधीक्षक कार्यालय पहुंचकर शिकायत की। साथ ही मुख्यमंत्री को भी शिकायत पत्र भेजकर थानाभवन पुलिस की हरकत की निंदा की है। उन्होंने बताया कि हजरत मौलाना अशरफ अली थानवी कब्रिस्तान के पास ही मदरसा संचालक इनामुल्ला ने गेट खोल दिया, जिससे विवाद की स्थिति हो गई।
कब्रिस्तान कमेटी गेट बंद कराना चाहती है, जबकि मदरसा संचालक इनामुल्ला पक्ष गेट खोलने के पक्ष में है। मामला वक्फ बोर्ड के समक्ष भी पहुंचा था। फिर मौलाना नजमुल हसन ने हाईकोर्ट में याचिका दायर की।
मौलाना नजमुल हसन ने बताया कि रविवार दोपहर थानाभवन थाना पुलिस ने दूसरे पक्ष के लोगों के दबाव में आकर कब्रिस्तान में पहुंचकर वहां काफी समय पुराना टीन शेड तोड़ दिया और विरोध करने पर लोगों के साथ अभद्रता की गई। उन्होंने बताया कि पुलिस को हाईकोर्ट का आदेश भी दिखाया गया, मगर थानाभवन थाना पुलिस ने एक नहीं सुनी।
पुलिस की इस हरकत की वजह से लोगों को आहत किया गया है। उन्होंने मांग की है कि कब्रिस्तान में पहुंचकर तोड़फोड़ करने वाले पुलिसकर्मियों के खिलाफ जांच कराकर कार्रवाई कराई जाए।
उधर, थानाध्यक्ष थानाभवन नरेश कुमार सिंह का कहना है कि मामला हाईकोर्ट में विचाराधीन है। मौलाना नजमुल हसन पक्ष द्वारा कब्रिस्तान में लगाया एक टीन शेड इसीलिए हटाया गया, हाईकोर्ट से कोई निर्णय नहीं हुआ है। उन्होंने बताया कि पुलिस ने किसी से अभद्रता नहीं की। दोनों ही पक्षों को यथा स्थिति बनाए रखने का निर्देश दिया हुआ है।