कैराना/शामली। अकबरपुर सुन्हेटी गांव की जिस महिला की गैंगरेप के बाद हत्या को लेकर कैराना पलायन प्रकरण उठा और सुर्खियां बना। उसी हत्याकांड में फैसला न करने पर मृतका के जेठ ब्रह्मपाल की सोते समय गोली मारकर हत्या कर दी गई।
गुड्डी की हत्या के बाद से ही गांव में पीएसी तैनात है। इसके बावजूद हत्याकांड को अंजाम दिया गया। घटना को लेकर तनाव की स्थिति बन गई है। मामले में दूसरे संप्रदाय के दो भाइयों सहित छह लोगों के खिलाफ केस दर्ज हुआ है। एहतियातन गांव में पुलिस तैनात कर दी गई है।
रविवार को ग्राम अकबपुर सुन्हेटी निवासी ब्रह्मपाल (50 वर्षीय) के पोते का जन्मदिन था। जन्मदिन मनाने के बाद ब्रह्मपाल अपने 8 वर्षीय छोटे बेटे रोहित के साथ घर के पास स्थित घेर में सो गया था। ब्रह्मपाल के भाई रमेश के मुताबिक देर रात करीब दो बजे उसने गोली चलने की आवाज सुनी तो वह मकान के गेट के पास पहुंचा। इस दौरान गांव के ही आधा दर्जन युवक ब्रह्मपाल के घेर से निकल कर भाग रहे थे।
इसके बाद रमेश घेर में पहुंचा, तो वहां पुराल के ऊपर ब्रह्मपाल का शव पड़ा था। हत्यारों ने ब्रह्मपाल की कनपटी से सटाकर गोली मारी थी। अपने भाई की हत्या देखकर रमेश ने शोर मचा दिया।
शोर शराबा होने पर परिवार के लोग इकट्ठा हो गए। ब्रह्मपाल की मौत से परिजनों में कोहराम मच गया। रात में मोबाइल नेटवर्क न होने के कारण सुबह छह बजे कैराना कोतवाली पुलिस को हत्याकांड की सूचना दी गई। पुलिस अधीक्षक डाक्टर अजयपाल शर्मा, सीओ भूषण वर्मा और कोतवाली प्रभारी एपी भारद्वाज पुलिस बल के साथ गांव में पहुंचे तथा घटना की जानकारी ली। इसके बाद शव पोस्टमार्टम के लिए भेजकर पुलिस ने जांच शुरू कर दी।
गौरतलब है कि ब्रह्मपाल के छोटे भाई संगत की पत्नी गुड्डी की अप्रैल माह में गैंगरेप के बाद हत्या कर दी गई थी। उस मामले में कुरबान और मोहसिन को आरोपी बनाया गया था, जिसके बाद पुलिस ने विवेचना के दौरान मृतका के देवर और भतीजे को भी आरोपी बना दिया था। इसी मामले को लेकर क्षेत्रीय भाजपा सांसद हुकुम सिंह ने पुलिस पर गंभीर आरोप लगाए और फिर पलायन प्रकरण का मुद्दा उठा दिया था।
ब्रह्मपाल हत्याकांड की पैरवी कर रहा था। परिजनों का आरोप है कि गुड्डी हत्याकांड में फैसले का दबाव बनाया जा रहा था और फैसला न करने पर ही ब्रह्मपाल की हत्या कर दी गई वह भी तब जब गुड्डी की हत्या के बाद से ही गांव में पीएसी तैनात है।
कोतवाली प्रभारी एपी भारद्वाज ने बताया कि ब्रह्मपाल के भाई रमेश की तहरीर पर गांव अकबरपुर सुन्हेटी के ही सबदर और उसके भाई मुस्तफा, मोलवी मैशर, अमजद, सुफियान और परवेज के विरुद्ध हत्या का मुकदमा दर्ज कर लिया है। आरोपियों को गिरफ्तार करने के लिए दबिश दी जा रही है। पुलिस अधीक्षक डाक्टर अजयपाल शर्मा का कहना है कि हत्याकांड के आरोपियों को जल्द गिरफ्तार करने के लिए पुलिस की तीन टीमें लगा दी गई हैं।