पिंडौरा में ग्रामीणों के साथ कांबिंग करती पुलिस।
- फोटो : amar ujala
शामली के ऊन क्षेत्र के गांव पिंडौरा में बुधवार रात बदमाशों ने एक मकान में घुसकर दंपति को गन प्वाइंट पर लेकर लूटपाट मचाई, जबकि दो मकानों में घुसकर नकदी और जेवरात चोरी कर लिए। मौके पर पहुंची पुलिस ने घटना की जांच शुरू कर दी। एएसपी ने घटनास्थल का मुआयना किया।
ऊन चौकी क्षेत्र के गांव पिंडोरा निवासी विक्रम सिंह के घर में बदमाश घुस गए बदमाशों ने वहां से एक लाख 80 हजार रुपये नगद, दो सोने की अंगूठी, एक मंगलसूत्र, चांदी के जेवरात चोरी कर लिए। बदमाशों ने गांव के ही सुरेशपाल के मकान को अपना निशाना बनाया तथा वहां से 10 हजार नगद, सोने-चांदी के जेवरात चोरी कर लिए। रात करीब पौने दो बजे ओमबीर पुत्र महेंद्र के मकान में घुस गए। तभी ओमवीर और उसकी पत्नी रेखा जाग गई। दोनों ने चारपाई से उठने का प्रयास किया, तो दो बदमाशों ने उनकी कनपटी पर तमंचा तान दिया और शोर मचाने पर जान से मारने की धमकी दी।
ओमवीर के सामने करीब पंद्रह मिनट तक बदमाशों ने तमंचे के बल पर घर में लूटपाट की। यहां से बदमाश 11 हजार रुपये नकदी, सोने-चांदी के जेवरात लूटकर ले गए। बदमाशों के जाने के बाद ओमवीर ने शोर मचाया तो ग्रामीण जाग गए। सूचना पर थाना प्रभारी भगवत सिंह, ऊन चौकी प्रभारी अवनीश अष्टवाल मौके पर पहुंचे। इसके बाद एएसपी जगदीश शर्मा ने घटनास्थल का मुआयना किया तथा जल्द ही बदमाशों के पकड़े जाने का आश्वासन दिया ।
लूट को चोरी बनाने में माहिर ऊन पुलिस
ओमवीर ने बताया कि जब बदमाश उनके घर में घुसे तो वह अपनी पत्नी के साथ बाहर बरामदे में सो रहा था। उसी दौरान वह दोनों जाग गए। बदमाशों ने दोनों को गन प्वाइंट पर ले लिया तथा शोर मचाने पर जान से मारने की धमकी दी। उसके बाद बदमाशों ने पंद्रह मिनट तक उनके सामने घर में लूटपाट की और बाद में फरार हो गए। आरोप है कि उन्होंने पुलिस को यही घटना बताई, लेकिन पुलिस ने अपने हिसाब से तहरीर लिखवाई। वहीं, पिंडौरा गांव के कपिल का कहना है कि रात करीब दो बजे उन्होंने 22 बार डायल 100 पर कॉल करके घटना की सूचना देनी चाही। ताज्जुब है कि कॉल का कोई जवाब नहीं मिला।