शामली। कांधला के एक गांव में किशोरी के साथ रेप करने की कोशिश की। आरोप है शिकायत पर दबंगों ने जान से मारने की धमकी दी और पीड़ितों के गांव से बाहर निकलने पर प्रतिबंध लगा दिया। बृहस्पतिवार को मौका पाकर पीड़ित ने एसपी कार्यालय में पत्र देकर कार्रवाई की मांग की।
घटना 24 नवंबर को कांधला के गांव की है। यहां घर पर अकेली पाकर किशोरी के साथ रेप का प्रयास किया। किशोरी के माता पिता शामली दवाई लेने के लिए आए थे और इस दौरान किशोरी घर में अकेली थी। आरोप है कि तभी पड़ोस का एक युवक वहां पहुंचा और जबरन किशोरी को खींचकर कमरे में ले गया। इस दौरान किशोरी से दुष्कर्म का प्रयास करने लगा।
किशोरी ने शोर मचा दिया, तभी पड़ोस से कोई वहां पहुंचा, जिसे देख आरोपी जान से मारने की धमकी फरार हो गया। बाद में किशोरी ने अपने परिजनों को घटना के बारे में बताया। पीड़ित परिजन आरोपी के घर शिकायत लेकर पहुंचे, तो उन्होंने जान से मारने की धमकी देकर चुप कराया। आरोप है पिछले दो दिन से उन पर नजर रखी जा रही है।
बृहस्पतिवार को पीड़ित परिजन किशोरी को लेकर शामली पहुंचे और एसपी से मामले की शिकायत की। कांधला एसओ नरेश यादव ने बताया कि मामला संज्ञान में आया है। पीड़ितों ने एसपी से शिकायत की है। थाने में आने पर रिपोर्ट दर्ज की जाएगी।
दुष्कर्म का आरोपी गिरफ्तार
कैराना। दो माह पूर्व किशोरी से रेप की वारदात के बाद फरार चल रहे तीसरे आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। दो आरोपी जेल में हैं।
दो माह पूर्व क्षेत्र के एक गांव में नल पर पानी भरने गई किशोरी को अगवा कर तीन आरोपियों ने जंगल में ले जाकर दुष्कर्म किया था। मामले में किशोरी के चाचा ने आरोपी तीन युवकों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई थी। पुलिस ने दो आरोपियों को पूर्व में ही जेल भेज दिया था। बृहस्पतिवार को पुलिस ने फरार चल रहे तीसरे आरोपी अकबर निवासी बरनावी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया।