शामली। कोचिंग से लौट रही छात्रा के साथ मनचलों ने छेड़छाड़ कर दी। विरोध करने पर मनचलों ने छात्रा से मारपीट की। घटना का पता चलते ही छात्रा परिजन मौके पर पहुंचे और मनचलों की जमकर धुनाई कर डाली। जिससे अफरातफरी मच गई। पुलिस को भी सूचना दी गई, लेकिन घटनास्थल पर कोई नहीं पहुंचा।
बुधवार शाम पांच बजे मोहल्ला नंदू प्रसाद निवासी छात्रा कोचिंग से लौट रही थी। जब वह माजरा रोड स्थित माता वाली गली में पहुंची, तो कुछ मनचले उससे छेड़छाड़ करने लगे। पहले तो छात्रा चुपचाप उन्हें टालती रही, लेकिन बाद में मनचलों उसका रास्ता रोक लिया।
विरोध करने पर कई तमाचे छात्रा को जड़ दिए। आरोप है कि मनचलों ने छात्रा के कपड़े तक फाड़ने का प्रयास किया। बाद में छात्रा ने अपने परिजनों को घटना के बारे में मैसेज कर दिया। जिस पर परिजन लाठी-डंडे लेकर पहुंच गए और मनचलों को जमकर पीटना शुरू कर दिया। जिससे वहां अफरा तफरी मच गई। परिजनों ने एक मनचले को दबोच लिया और बंधक बना लिया, लेकिन वह मौका पाकर भाग निकला। काफी हंगामा होने पर घटना की सूचना पुलिस को दी गई, लेकिन मौके पर पुलिस नहीं पहुंची।