शामली। शाम को शिव चौक पर महाआरती के लिए मौजूद भक्तों की भीड़ को देखते हुए पुलिस ने गुुरुद्वारा तिराहे से डाक कांवड़ियों का रूट डायवर्ट कर उनको बाईपास के रास्ते निकालना शुरू कर दिया। इसी बात पर कुछ कांवड़िये नाराज हो गए और तिराहे पर बैठ गए। हालत बेकाबू होते देख पुलिस ने लाठिया फटकार कर भीड़ को खदेड़ा।
शुक्रवार शाम करीब सात बजे की घटना है। शिवचौक पर महाआरती की तैयारी चल रही थी। हजारों की संख्या में भक्त शिव चौक पर मौजूद थे। पुलिस-प्रशासन द्वारा इसके लिए तैयारियां भी की गई थी। आदर्श मंडी पुलिस ने गुुरुद्वारा तिराहे से डाक कांवड़ियों के वाहनों को शहर में जाने से रोकते हुए बाईपास से निकालना शुरू कर दिया। इसी बात को लेकर कई बाइकों पर सवार कांवड़ियों से ्रपुलिस की कहासुनी हो गई। गुस्साए कांवड़ियों ने हंगामा शुरू कर दिया।
किसी पुलिस वाले ने कांवड़िये के साथ अभद्रता कर डाली। इसके बाद उन्होंने गुरुद्वारा तिराहे पर बाइक गिराकर बैठे गए और हंगामा कर दिया। इस दौरान पुलिसकर्मियों ने भीड़ को नियंत्रित करने के लिए लाठियां फटकारनी शुरू कर दी। मौके की नजाकत को भांपते हुए गुरुद्वारा कमेटी के कई लोग तथा वहा मौजूद अन्य लोगों ने भोलों को समझाया। इसके बाद कांवड़िये शांत हुए।
थाना आदर्शमंडी प्रभारी राजकुमार शर्मा का कहना है कि शाम के समय आरती होती थी, जिसके चलते रास्ता बंद कर दिया गया था, लेकिन कुछ कांवड़ियों ने हंगामे का प्रयास किया। बाद में उनको समझा-बुझाकर बाईपास से भेज दिया गया।