कांधला। गाजियाबाद के लोनी में मुस्लिम क्रेडिट कोआपरेटिव सोसाइटी बनाकर कांधला निवासी युवक द्वारा दर्जनों लोगों से लाखों रुपये ठगी का मामला सामने आया है। पीड़ित महिलाओं ने कांधला थाने पहुंचकर हंगामा किया और आरोपी के खिलाफ कार्रवाई की मांग की।
कस्बे के मोहल्ला नई बस्ती निवासी एक युवक जनपद गाजियाबाद के लोनी बलराम नगर में मुस्लिम क्रेडिट कोआपरेटिव फंड सोसाइटी लिमिटेड के नाम से सोसाइटी चला रहा था । उक्त शाखा में बलराम नगर के सैकड़ों लोगों के खाते खुलवाए गए थे। शाखा के कर्मचारियों ने वहां के लोगों को एक माह में दस हजार रुपये जमा करने पर 11 हजार रुपये देने का वादा किया था।
आरोप है कि शाखा में वहां के लोगों के लाखों रुपये जमा होने के बाद लगभग छह माह पूर्व कांधला निवासी सोसाइटी संचालक युवक वहां से अपना काम समेटकर आ गया। बृहस्पतिवार को लोनी के विजयनगर निवासी शहनाज पत्नी अब्दुल सलाम, दिलशाद सहित दर्जन भर महिलाएं कांधला थाने पर पहुंची। इसी दौरान सूचना दिए जाने पर सोसाइटी संचालक के परिजन भी थाने पर पहुंच गए।
दोनो पक्षों के लोगों के थाने पर पहुंचने से वहां पर हंगामा हो गया। महिलाओं ने आरोपी युवक पर कार्रवाई की मांग की। थानाध्यक्ष ने कार्रवाई का आश्वासन देकर उन्हें शांत किया। देर शाम पुलिस ने सोसाइटी संचालक को हिरासत में ले लिया है, उन्होंने बताया कि उससे पूछताछ की जा रही है। उधर, सोसाइटी संचालक का कहना है कि उस पर लगाए गए आरोप निराधार हैं।