शामली में एसओजी व पुलिस टीम ने छह दिन पहले कांधला थाना क्षेत्र में पंजोखरा के पास ई-रिक्शा लूटने और खरीदने वाले तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से ई-रिक्शा, एक तमंचा व चाकू बरामद किया है। पुलिस का कहना है कि घरेलू जरूरतों को पूरा करने के लिए आरोपियों ने ई-रिक्शा लूटी थी।
शामली के मोहल्ला रामनगर निवासी विदेश कुमार ई-रिक्शा चलाकर अपना और अपने परिवार का पालन पोषण करता है। छह दिन पहले दो युवकों ने शामली से ई-रिक्शा को कांधला के लिए किराये पर बुक किया था। विदेश कुमार दोनों युवकों को ई-रिक्शा में लेकर कांधला के लिए चल दिया था। रास्ते में गांव पंजोखरा के निकट दोनों युवकों ने चालक से ई-रिक्शा लूट ली थी और फरार हो गए थे। पीड़ित ई-रिक्शा चालक की तरफ से अज्ञात में रिपोर्ट दर्ज कराई गई थी।