कांधला। लूट के विरोध में बदमाशों की गोली से घायल युवक ने मेरठ में उपचार के दौरान दम तोड़ दिया। परिजनों ने घटना को हादसा दिखाकर कोई भी कार्रवाई कराने से इंकार कर दिया। बुधवार को परिजनों ने उसके शव को दफना दिया।
थाना क्षेत्र के गांव गंगेरू निवासी 25 वर्षीय शादाब पुत्र हनीफ मंगलवार को अपने परिजनों के साथ बाइक से क्षेत्र के गांव डांगरौल में शादी समारोह में गया हुआ था। वहां से देर शाम शादाब अपने परिवार के ही आस मोहम्मद व फारूख उर्फ छोटू के साथ बाइक से अपने गांव लौट रहा था।
शादाब से आगे कई बाइकों पर उसके परिजन थे, जब शादाब गांव आट्टा व भभीसा के बीच बिजलीघर के निकट पहुंचा। तभी तीन बाइक सवार बदमाशों ने उसे रोक लिया और उनसे लूटपाट की कोशिश करने लगे। जिसका शादाब ने विरोध कर दिया। आरोप है कि विरोध करने पर बदमाशों ने शादाब को सिर में गोली मार दी और फरार हो गए।
गोली लगने की सूचना शादाब के साथ बाइक पर बैठे युवकों ने उसके परिजनों को दी। परिजनों ने उसको राजकीय अस्पताल में भर्ती कराया। जहां से उसे शामली रेफर कर दिया गया। परिजनों ने उसे मेरठ के नर्सिंग होम में भर्ती कराया।
जहां उसकी उपचार के दौरान मौत हो गई। परिजनों ने थाने पर घटना को हादसा दिखाते हुए बाइक के असंतुलित होकर पलटने की तहरीर दी और कोई भी कार्रवाई कराने से इंकार कर दिया। परिजनों ने शव को दफना दिया। थानाध्यक्ष नशपाल सिंह यादव का कहना है कि मृतक के परिजनों ने हादसे की तहरीर देकर देकर कोई भी कार्रवाई कराने से इंकार कर दिया।