शामली के कांधला में किराया मांगने पर कुछ युवकों ने चालक और परिचालक को मारपीट कर घायल कर दिया। वहीं युवक के परिजनों ने ग्रामीणों के साथ थाने में हंगामा कर परिचालक पर युवक को चलती गाड़ी से फेंकने का आरोप लगाते हुए कार्रवाई की मांग की है ।
शुक्रवार दोपहर कांधला में बुढ़ाना स्टैंड से एक निजी बस चालक सवारियां लेकर बुढ़ाना केे लिए रवाना हुआ। परिचालक के अनुसार बस में कुछ युवक भी सवार हो गये थे। जब परिचालक शादाब ने युवकों से किराया मांगा तो युवकों ने परिचालक के साथ अभद्रता करते हुए किराया देने से मना कर दिया ।
आरोप है कि उक्त युवकों ने रेलवे लाइन गांव हुरमजपुर मार्ग के निकट बस रुकवाकर चालक सलमान और परिचालक शादाब के साथ मारपीट शुरू कर दी। मदद के लिए शोर मचाए जाने पर यात्रियों ने एकजुट होकर एक आरोपी को मौके से दबोच कर पुलिस के हवाले कर दिया। जबकि अन्य आरोपी मौके से फरार हो गये।
घटना के संबंध में परिचालक शादाब ने पुलिस को तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है। वहीं, घटना में ग्राम हुरमजपुर के प्रधान सहित दर्जनों ग्रामीणों ने थाने पर पहुंचकर पकड़े गये युवक को निर्दोष बताते हुए परिचालक पर गाली गलौज व मारपीट कर चलती गाड़ी से फेंकने का आरोप लगाकर कार्रवाई की मांग की है। थाना प्रभारी ने का कहना है कि दोनों ओर से तहरीर मिली है।