घटना के बाद थाना प्रभारी का घेराव करते व्यापारी।
- फोटो : amar ujala
शामली के कांधला में शरारती तत्वों ने पशु कटान के बाद अवशेष जैन समाज के धार्मिक स्थल में फेंक दिए। इससे जैन समाज में रोष व्याप्त हो गया। सूचना पर पुलिस में हड़कंप मच गया। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जैन समाज के लोगों को समझाबुझाकर शांत किया और कार्रवाई का आश्वासन दिया। मामले में अज्ञात के खिलाफ तहरीर दी गई है। उधर, पुलिस ने एक संदिग्ध को हिरासत में लिया है।
नगर पालिका के समीप जैन समाज का धार्मिक स्थल है। समाज के लोगों के अनुसार बृहस्पतिवार की सुबह करीब बजे सत्तो जैन धार्मिक स्थल पर पहुंचे। उन्होंने देखा कि दरवाजे के समीप पशुओं के कटे हुए अवशेष पड़े हुए है। उसने तुरंत सूचना समाज के लोगों और पुलिस को दी गई। धार्मिक स्थल पर पशु कटान के अवशेष फेंके जाने की सूचना कस्बे में आग की तरह फैल गई। कुछ देर में ही बड़ी संख्या में समाज के लोग मौके पर एकत्र हो गए। थाना प्रभारी नरेश कुमार चौहान भी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंच गए और पूरे मामले की छानबीन की। समाज के लोगों को कार्रवाई करने का भरोसा दिलाया। उन्होंने कहा कि जिसने भी इस प्रकार की हरकत करने का प्रयास किया है उसे शीघ्र ही गिरफ्तार कर जेल भेज दिया जायेगा।
इस मामले में जैन समाज की ओर से डाक्टर रश्मिकांत ने तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की। थाना प्रभारी ने बताया कि उन्हें मामले की तहरीर मिली है। पुलिस इस प्रकरण को लेकर गंभीर है। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए एक युवक को हिरासत में लिया है, जिससे पूछताछ की जा रही है।