कांधला में दंगा विस्थापित के घर में घुसकर कुछ युवकों ने महिला के साथ गैंगरेप की कोशिश की। शोर शराबा होने पर महिला का देवर पहुंचा, तो आरोप है कि आरोपियों ने महिला व उसके देवर के साथ मारपीट की और तमंचे की बट मारकर घायल कर दिया। इस दौरान दो आरोपियों को लोगों ने दबोच लिया और पुलिस के हवाले कर दिया।
सांप्रदायिक दंगे के दौरान शामली जनपद के गांव खरड़ निवासी एक परिवार ने कांधला में आकर शरण ली थी । तभी से उनका परिवार कांधला दिल्ली सहारनपुर हाईवे स्थित राज गार्डन में मकान बनाकर रह रहा है । शनिवार को उनके गांव के पांच छह युवक पहुंचे। इस दौरान घर पर महिला अकेली थी। आरोप है कि युवकों ने महिला के साथ छेड़छाड़ करनी शुरू कर दी। जिसका विरोध करने पर मारपीट करते हुए युवकों ने महिला से दुष्कर्म की कोशिश की।
शोर शराबा होने पर उसका देवर वहां पहुंच गया। जिसे देखकर आरोपी युवकों ने उस पर हमला बोल दिया और तमंचे की बट मारकर घायल कर दिया। आसपास के लोग एकत्र हो गए और उन्होंने भागने की कोशिश कर रहे दो युवकों को पकड़ लिया। जबकि उनके अन्य साथी फरार हो गए। लोगों ने पकड़े गए युवकों की धुनाई कर दी और पुलिस के हवाले कर दिया। पीड़ित पक्ष ने पांच युवकों के खिलाफ तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है। थानाध्यक्ष नरेश कुमार यादव का कहना है कि मामले की तहरीर मिली है, जांच पड़ताल के बाद कार्रवाई की जाएगी।