थाने पर प्रदर्शन करते कुरमाली के ग्रामीण।
- फोटो : अमर उजाला
शामली में चार माह पूर्व बाबरी के कुरमाली से लापता युवती की बरामदगी की मांग को लेकर ग्रामीणों ने शनिवार को बाबरी थाने पर हंगामा काटा और आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग की। उसके बाद पीड़ित एसपी से भी मिले। एसपी ने युवती को जल्द बरामद कराने का आश्वासन दिया है।
बाबरी थानाक्षेत्र के गांव कुरमाली से 28 अगस्त को युवती लापता हो गई थी। इस मामले में परिजनों ने संजीव पुत्र फूल सिंह निवासी सिसौली तथा कालू पुत्र रामनिवास निवासी कास्सोपुर के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया था। लेकिन अब तक पुलिस न तो आरोपियों की गिरफ्तारी कर पाई और न ही युवती की बरामदगी हो सकी है। लंबे समय से कोई कार्रवाई न होने से ग्रामीणों में रोष है।
इसी मामले में ग्रामीण काफी संख्या में बाबरी थाना पहुंचे। यहां उन्होंने नारेबाजी करते हुए आरोप लगाया कि युवती की बरामदगी न होने और आरोपियों पर कार्रवाई न होने में पुलिस की ढिलाई और लापरवाही जिम्मेदार है। काफी देर तक हंगामा करते हुए उन्होंने युवती को जल्द बरामद कराने की मांग की। इसके बाद ग्रामीण एसपी विजय भूूषण से मिले और अपनी मांग उठाई। एसपी विजय भूषण ने आरोपियों की गिरफ्तारी के साथ युवती की बरामदगी का भरोसा दिलाया।