शामली के कैराना के मलकपुर के ग्राम प्रधान से फोन पर एक लाख रुपये की रंगदारी मांगने का मामला प्रकाश में आया है। रंगदारी मांगने वाला आरोपी हाल ही में जेल से जमानत पर छूटकर बाहर आया है। पीड़ित ने कोतवाली में नामजद तहरीर देकर जानमाल की सुरक्षा की गुहार लगाई है। रंगदारी मांगे जाने की घटना से पूरा परिवार दहशत में है। पुलिस ने मामला रंजिशन मानते हुए जांच शुरू कर दी है।
पुलिस प्रशासन की लाख सक्रियता के बावजूद रंगदारी और धमकी देने का मामला रुख नहीं रहा है। जिले में आए दिन लूटपाट और रंगदारी मांगे जाने की घटना से लोगों में पुलिस प्रशासन के खिलाफ रोष व्याप्त है। इसी कड़ी में मलकपुर ग्राम प्रधान आनंद सैनी ने कोतवाली में तहरीर देकर बताया कि वह शनिवार की देर रात वह अपने घर पर बैठा हुआ था। इसी दौरान उसके मोबाइल पर एक कॉल आई। आरोप है कि कॉल करने वाले बदमाश ने उसके साथ गाली-गलौज करते हुए एक लाख रुपये की रंगदारी की मांग की। बदमाश ने धमकी दी कि यदि रकम नहीं दी गई तो गंभीर परिणाम भुगतने पड़ेंगे। रंगदारी की धमकी के बाद ग्राम प्रधान व उसका पूरा परिवार दहशत में आ गया। उन्होंने घटना की सूचना डायल 100 पर पुलिस को दी, जिस पर पुलिस ने मौके पर पूरी घटना की जानकारी ली। ग्राम प्रधान ने पुलिस को बताया कि रंगदारी मांगने वाला आरोपी बदमाश पास के ही गांव गंदराऊ का रहने वाला है, जिस पर कई आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं और वह हाल ही में जेल से जमानत पर बाहर आया है। उधर, कोतवाली के वरिष्ठ उपनिरीक्षक अमन सिंह ने बताया कि तहरीर मिली है। प्रधान ने जो ऑडियो सुनाई है, उसमें रंगदारी का मामला नहीं पाया गया है। मामला रंजिशन माना जा रहा है। पुलिस गहनता से जांच कर रही है।