शामली। कैराना के हर्ष फायरिंग प्रकरण में घटनास्थल पर तैनात पुलिसकर्मियों को भी ड्यूटी का हिसाब देना होगा। ब्लाक प्रमुख चुनाव के दौरान ड्यूटी पर तैनात पुलिसकर्मियों की भी रिपोर्ट शासन ने मांगी है। जिससे पुलिसकर्मियों की भी इस मामले में गर्दन फंस सकती है।
दरअसल, कैराना में ब्लाक प्रमुख चुनाव में पुलिस बल तैनात किया गया था। इसके बावजूद भी हर्ष फायरिंग हुई और एक बच्चे की मौत हो गई। जिससे वहां मौजूद पुलिसकर्मियों की भी जवाबदेही बन गई है। इसमें यदि पुलिसकर्मी तैनात थे, तो हर्ष फायरिंग करने वालों को क्यों नहीं रोका गया, यह अहम सवाल है। इस मामले पर शासन स्तर से संज्ञान लिया गया है।
चुनाव के दिन ब्लाक कार्यालय पर कैराना में एक सीओ, एक थाना प्रभारी, छह हेडकांस्टेबल, दस कांस्टेबल व दो-दो महिला कांस्टेबल तैनात की गई थी। इसके बावजूद भी जश्न मना और हर्ष फायरिंग हुई, लेकिन किसी ने हर्ष फायरिंग कर रहे लोगों को रोका नहीं। बालक की मौत के बाद मामला गंभीर हुआ, तो शासन ने भी इस पर जांच शुरू कर दी।
शासन ने ब्लाक प्रमुख चुनाव के दौरान ड्यूटी पर तैनात पुलिसकर्मियों का हिसाब मांगा है। जिस कारण ब्लाक कार्यालय पर ड्यूटी कर रहे पुलिसकर्मियों पर भी कार्रवाई हो सकती है। उधर, एडिशनल एसपी अनिल कुमार झा ने बताया कि ब्लाक कार्यालय पर तैनात पुलिसकर्मियों की ड्यूटी के संबंध में रिपोर्ट मांगी गई थी।
पड़ोसी राज्यों में छिपे आरोपी
कैराना/शामली। हर्ष फायरिंग में मासूम की हत्या करने के मामले में नामजद पांचों आरोपी हरियाणा और पंजाब में जाकर छिप गए हैं। वहीं, फरार पांचों आरोपियों पर एसपी ने पांच पांच हजार का इनाम घोषित किया है। आरोपियों के खिलाफ गैर जमानती वारंट जारी कराने और कुर्की करने की प्रक्रिया भी पुलिस ने शुरू कर दी है।
कैराना में सात फरवरी को ब्लाक प्रमुख पद के चुनाव के दौरान ब्लाक कार्यालय के बाहर हर्ष फायरिंग हुई थी, जिसमें कैराना निवासी अहसान के बेटे समी की मौत हो गई थी। मामले में समी के चाचा इकबाल की तरफ से ब्लाक प्रमुख पति गय्यूर और उसके भाई मुमताज निवासी भूूरा, इनाम धूरी निवासी मोहल्ला आलकला, मुरसलीन और नफीस उर्फ छोटा को नामजद कराया था। तब से पांचों आरोपी फरार चल रहे हैं।
मालूम चला है कि उक्त आरोपी पड़ोसी राज्य हरियाणा के पानीपत और फिर पंजाब में जाकर छिप गए हैं। पुलिस तक भी ऐसी सूचना पहुंच रही हैं, जिसके चलते पुलिस ने कई संभावित ठिकानों पर दबिश दी, लेकिन आरोपी हाथ नहीं आ पाए हैं। एसपी शामली विजय भूषण ने पांचों आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पांच पांच हजार रुपये का इनाम घोषित किया है।
वहीं, सीओ निशांक शर्मा ने बताया कि उक्त आरोपियों के घरों की कुर्की करने के लिए तथा गैर जमानती वारंट जारी कराने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। न्यायालय में प्रार्थना पत्र दिया गया है। जल्दी ही आरोपियों के घरों की कुर्की की जाएगी।
अब तक पांच की गिरफ्तारी
हर्ष फायरिंग मामले में वीडियो रिकार्डिंग देखने के आधार पर पुलिस ने अब तक पांच आरोपियों की गिरफ्तारी दिखाई है। राकिब और शादाब जेल भेज दिए गए, जबकि खंदरावली निवासी साकिब और असलम तथा भूरा निवासी अहसान बुधवार को कोर्ट में पेश करके जेल भेजे गए। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि फायरिंग करने वाले दस की पहचान हुई थी, जिनमें से पांच पकड़े गए हैं। अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी का प्रयास चल रहा है।