कैराना। पुलिस ने पंजाब से ट्रक में बुरी तरह ठूंस कर वध के लिए लाए जा रहे 16 गोवंश मुक्त कराए। ट्रक चालक को गिरफ्तार किया गया है। जबकि मौके से दो लोग फरार हो गए।
सोमवार दोपहर दो बजे कोतवाली प्रभारी उमेश रोरिया को सूचना मिली कि गोवंश से लदा एक ट्रक पंजाब से पानीपत के रास्ते आ रहा है। सूचना पर यमुना पुल पर पुलिस ने नाकेबंदी कर आने वाले ट्रकों की तलाशी लेनी शुरू कर दी। इसी दौरान पानीपत की ओर से आ रहे एक ट्रक को पुलिस ने रुकने का इशारा किया तो ट्रक चालक तेज गति से भाग निकला।
पुलिस ने ट्रक का पीछा किया तो ट्रक से दो युवक कूद कर भाग गए। पुलिस ने घेराबंदी करके पानीपत बाईपास के पास ट्रक को रोक लिया। ट्रक में ऊपर भूसे की बोरियां लदी थीं, जबकि ट्रक के अंदर गोवंश लदा हुआ था। ट्रक चालक शौकीन निवासी बघरा थाना तितावी को गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस ने ट्रक के अंदर से 15 बैल और एक गाय मुक्त कराई।
कोतवाली में गोवंशों को सपुर्दगी में लेने के लिए लोगों का तांता लगा रहा। कोतवाली प्रभारी ने बताया कि शौकीन और फरार हुए सादाब, इमरान निवासी बुढ़ाना के विरुद्ध मुकदमा दर्ज कर लिया है। ट्रक मालिक आसिफ निवासी कैराना हाल निवासी मुजफ्फरनगर के विरुद्ध भी कार्रवाई की जाएगी। गोवंश को गोशाला में भेजने की तैयारी की जा रही है।