ऊन तहसील परिसर से युवक को उठाकर ले जाते हथियारबंद लोग।
- फोटो : अमर उजाला
शामली में हथियारबंद लोगों ने ऊन तहसील परिसर से दिनदहाडे़ एक युवक को पकड़ा। जबरन उठाकर उसको टाटा सूमो में डाल लिया। ग्रामीणों ने विरोध किया, तो खुद को एसओजी टीम बताते हुए बंदूक तानकर उन्हें डराने धमकाने के बाद युवक को साथ लेकर चले गए।
टाटा सूमो मुजफ्फरनगर नंबर की थी, जबकि ऊन चौकी पुलिस का कहना है कि युवक को पानीपत की सीआईए टीम उठाकर ले गई है।
क्षेत्र के गांव सींगरा के मजरा रामपुर निवासी राकेश पुत्र बाबूलाल प्रधानी चुनाव में हुई धारा 107/16 की कार्रवाई में अपनी जमानत कराने के लिए शनिवार को ऊन तहसील पहुंचा।
तहसील परिसर में पहले से ही खडे़ चार युवको ने उसे दबोच लिया और अपने साथ ले जाने लगे। राकेश ने विरोध किया, तो वह जबरदस्ती करने लगे तथा राकेश को उठाकर खींचते हुए टाटा सूमो में डाल लिया।
शोर शराबा होने पर ग्रामीण इकट्ठा हुए तथा सरेआम युवक को उठाकर ले जाने पर विरोध करने लगे। इस पर हथियारबंद लोगों ने खुद को एसओजी टीम बताते हुए ग्रामीणों को धमकाया। ग्रामीण गाड़ी के पास जाने लगे, तो एक युवक ने बंदूक भी तान दी। इसके बाद ग्रामीण सहम गए, जिसके चलते युवक को लेकर उक्त लोग वहां से रवाना हो गए।
फिर ग्रामीणों ने पुलिस कंट्रोल रूम को कॉल करके युवक का अपहरण होने की सूचना दे दी। ऊन चौकी पुलिस मौके पर पहुंची, तब तक कार सवार लोग वहां से जा चुके थे। इस संबंध में ऊन चौकी प्रभारी कमल सिंह यादव ने बताया कि युवक को हरियाणा के पानीपत की सीआईए टीम लेकर गई है। टीम के द्वारा स्थानीय पुलिस को कोई सूचना नहीं दी गयी।