शामली। मुसीबतों ने किसान चंदन सिंह के परिवार को ऐसा जकड़ा कि जिंदगी नासूर बन गई। सोमवार को चंदन सिंह के बेटे गुरतार ने आत्महत्या की, जबकि पूर्व में परिवार के तीन सदस्य भी इसी तरह जिंदगी से मुंह मोड़ चुके हैं।
अब चौथे सदस्य की मौत से परिवार में कोहराम मच गया। वहीं, ग्रामीण भी चंदन सिंह के परिवार पर टूट रही मुसीबत से आहत हैं। हर किसी ने इस मामले में प्रशासन की लापरवाही को जिम्मेदार ठहराया है।
भाकियू जिलाध्यक्ष प्रदीप चौधरी ने बताया कि तीन साल पूर्व चंदन सिंह के बेटे गुलाब ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली थी। इससे कुछ दिन बाद ही गुलाब की पत्नी ने भी आग लगाकर आत्मदाह कर लिया था।
वहीं मुफलिसी के कारण जब चंदन अपनी बेटी का विवाह नहीं कर सका, तो उसने भी आत्महत्या कर ली थी। प्रदीप चौधरी ने बताया कि भ्रष्ट तंत्र से त्रस्त किसानों का ऐसा उदाहरण है चंदन, जिसका पूरा परिवार बर्बाद हो रहा। इसी के चलते चंदन सिंह ने परिवार सहित इच्छा मृत्यु की मांग राष्ट्रपति से की थी।