शामली। मोहाली (पंजाब) से चार दिन पूर्व अपहृत किए गए राइस मिल कारोबारी को बदमाशों ने शामली में कुड़ाना रोड पर छोड़ दिया। शामली कोतवाली पुलिस की सूचना पर आए परिजन और पंजाब पुलिस कारोबारी को अपने साथ ले गए।
मोहाली जिले के थाना खरड़ क्षेत्र के गांव खूनी मजरा निवासी करन अरोरा (35) पुत्र स्वर्गीय प्रमोद कुमार राइस मिल कारोबारी हैं। गत एक दिसंबर की रात पांच बदमाशों ने करन का अपहरण कर लिया था। करन के परिजनों ने थाना बलोंगी एसएएस नगर मोहाली में अपहरण की रिपोर्ट दर्ज कराई थी। इसके बाद से मोहाली पुलिस अपहृत करन अरोरा को तलाशने में लगी हुई थी।
उधर, रविवार सुबह करीब साढ़े छह बजे शामली में कुड़ाना रोड पर गांव सेंहटा काली नदी पुल के पास कुड़ाना निवासी विपिन और मनोज को एक युवक मिला, जिसके मुंह पर प्लास्टिक टेप चिपकी हुई थी और हाथ भी बंधे हुए थे। विपिन ने उसके मुंह से टेप हटाई, तो युवक ने अपना नाम करन अरोरा निवासी मोहाली बताया और कहा कि उसे बदमाशों ने किडनैप कर लिया है। विपिन युवक को कुड़ाना बिजलीघर पर ले गए और शामली कोतवाली पुलिस को सूचना दी। पुलिस मौके पर पहुंची और युवक को थाने लाने के बाद उसके परिजनों को सूचना दी।
बलोंगी थाने के एसएचओ भारत भूषण, सीआईए मोहाली के एसआई हरमिंदर सिंह के अलावा करन के फूफा ज्ञानचंद निवासी तरुण एंक्लेव प्रीतमपुरा नई दिल्ली तथा ज्ञान चंद के मित्र राजीव कुमार निवासी पुष्पांजलि एंक्लेव प्रीतमपुरा नई दिल्ली पूर्वाह्न 11 बजे शामली कोतवाली पहुंचे। शामली कोतवाली पुलिस से पूरी जानकारी करने के बाद करन को अपने साथ ले गए।