थानाभवन। दो दिन से लापता युवक का शव पड़ोसी के खेत में पड़ा मिला। देखा। शरीर का रंग काला पड़ा हुआ था। पुलिस ने शव कब्जे में लेकर उसे पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
थानाभवन क्षेत्र के गांव मुंडेट निवासी विपिन पुत्र देवीसिहं मंगलवार को अपने खेत पर गया था। वहीं से उसने अपने परिजनों को फोन पर पैर में दर्द होने की बात बताई थी। लेकिन परिजन खेत पर गये तो विपिन वहां नहीं मिला। तब से ही परिजन विपिन की तलाश कर रहे थे। विपिन का कोई सुराग नहीं लगने पर बृहस्पतिवार सुबह विपिन के भाई अमित ने थानाभवन थाने में विपिन की गुमशुदगी की तहरीर दी।
इसी बीच, दोपहर में विपिन के खेत के पास ही परिवार के ही दूसरे खेत में विपिन का शव मिला जो काला पड गया था। परिजनों का मानना है कि शायद विपिन को किसी जहरीले जानवर ने काट लिया था। इसके चलते विपिन का शव काला पड़ गया है। सूचना के बाद थानाभवन पुलिस ने शव का पंचनामा कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। इससे पहले परिजनों ने गढ़ीपुख्ता पुलिस को सूचना दी थी। लेकिन दूसरे थाने का मामला बता दिया गया। इससे परिजनों में रोष था। बाद में थानाभवन पुलिस ने उन्हें शांत किया।
थाना प्रभारी साहब सिंह ने बताया कि सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची तथा शव पोस्टमार्टम के लिये भेज दिया गया है। मामले में तहरीर नहीं आई है।