शामली। नगर के एक अग्रसेन पार्क के पास स्थित शराब के ठेके के सामने एक फौजी नशे में सड़क के बीच में बैठ गया। आस-पास के लोगों ने उसको उठाने का प्रयास किया तो हंगामा कर दिया। सूचना पर पहुंची पुलिस के साथ मारपीट की गई, इस दौरान एक दरोगा की वर्दी फट गई। बाद में किसी तरह उसको काबू किया गया और कोतवाली ले जाया गया।
शुक्रवार की दोपहर नगर के अग्रसेन पार्क के सामने स्थित एक शराब के ठेके पर एक फौजी ने शराब पी। इसके बाद वह सड़क की बीच में ही बैठ गया। इस दौरान पब्लिक ने उसे सड़क के बीच से उठाने का प्रयास किया, लेकिन वह नहीं माना और ड्रामा करने लगा। इस दौरान वहां पर एक सिपाही आ गया और उसे फौजी को रास्ते से हटाने का प्रयास किया, लेकिन फौजी ने सिपाही के साथ मारपीट शुरू कर दी।
सूचना पर कोतवाली पुलिस के दो दरोगा तथा कई सिपाही मौके पर पहुंचे और फौजी को काबू करने का प्रयास करने लगे, लेकिन फौजी उनसे भी भिड़ गया। इस दौरान खींचतान में एक दरोगा भूपेंद्र की वर्दी भी फट गई। काफी मशक्कत के बाद पुलिस ने उसको काबू में किया और फिर कोतवाली ले जाया गया।