शामली में थाना आदर्श मंडी क्षेत्र के कस्बा बनत में स्थित एक मकान में चोरी की बाइकों को काटने की सूचना पर पुलिस ने छापा मारा। पुलिस ने वहां से कटी हुई दो बाइक बरामद की। साथ ही एक आरोपी को हिरासत में लिया।
थाना आदर्श मंडी क्षेत्र के बनत में पिछले कई दिनों से सूचना मिल रही थी कि वहां पर चोरी की बाइकों को काटा जाता है। बृहस्पतिवार को आदर्श मंडी पुलिस ने इसी के चलते बनत में एक मकान पर छापा मारा और वहां से कटी हुई दो बाइकों को बरामद किया। इस दौरान पुलिस ने मकान के मालिक को हिरासत में ले लिया और थाने में ले आई।
देर शाम तक चोरी की बाइकों के संबंध में आदर्श मंडी पुलिस जांच कर रही है। बाइकें कहां से चुुराई गई और काटने के बाद उनके पार्ट्स कहां कहां बेचे जाते हैं। इसके बारे में पुलिस पूछताछ कर रही है। थाना आदर्श मंडी प्रभारी साहब सिंह का कहना है कि मामले में पूछताछ की जा रही है। जल्द ही खुलासा किया जाएगा।