थानाभवन। क्षेत्र में नलकूपों पर चोरी करने वाला गिरोह सक्रिय है। बृहस्पतिवार रात कई गांवों में नलकूपों की दीवार तोड़कर सामान चोरी कर लिया गया। नलकूपों पर बढ़ती चोरियों पर ग्रामीणों में रोष व्याप्त हो गया। थाने पहुंचकर ग्रामीणों ने प्रदर्शन करके चोरों को गिरफ्तार कराने की मांग की।
नकली पुत्र नेकराम, पप्पू पुत्र निरंजन, अरशद और उदयपाल के नलकूपों के ताले तोड़ कर कृषि उपकरण, तार, मोटर आदि सामान चोरी कर लिया। क्षेत्र के गांव रसीदगढ़, हरड़ फतेहपुर और मुल्लापुर में विगत दो सप्ताह के भीतर तीन दर्जन से अधिक नलकूपों पर चोरी कर चोरों ने लाखों की कीमत का सामान चोरी कर लिया है।
चोरियों से परेशान गुस्साए ग्रामीणों ने शुक्रवार को थाने का घेराव करते हुए मौके पर उपस्थित थाना प्रभारी अनुराधा सिंघल से मिलकर चोरियों के खुलासे की मांग की।
उधर, थाना प्रभारी ने बताया कि उन्हें थाने में आये अभी तीन दिन हुए है। चोरों को गिरफ्तार करने का आश्वासन देकर ग्रामीणों को शांत किया। हरड़ फतेहपुर निवासी पप्पू पुत्र निरंजन ने बताया उसके ट्यूबवेल पर चोरी के बाद बदमाश एक मोटर साइकिल संख्या यूपी 19 6844 भी छोड़ गए। बाइक को ग्रामीणों ने पुलिस के सुपुर्द कर दिया है और बदमाशों के जल्द पकड़े जाने की मांग की है।