थानाभवन में विलाप करते मृतक के परिजन।
- फोटो : अमर उजाला
थानाभवन। दो दिन पूर्व भनेड़ा स्थित पूर्वी यमुना नहर पुल के पास लूट की घटना में आरोपी एक युवक का शव नहर से बरामद हुआ। परिजनों ने हंगामा करते हुए आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।
थानाभवन थाना क्षेत्र के भनेड़ा नहर के पुल पर दो दिन पूर्व खेड़ा गदाई निवासी प्रदीप पुत्र जिंदरपाल से बदमाशों ने लूटपाट की थी। प्रदीप अपनी पत्नी और चार वर्षीय पुत्री के साथ बाइक से अपने गांव लौट रहा था। लूट का विरोध करने पर बदमाशों ने प्रदीप को गोली मारकर घायल भी कर दिया था।
गोली चलने की आवाज सुनकर खेतों पर काम कर रहे ग्रामीणों ने घेराबंदी कर एक बदमाश को पकड़ लिया था, जबकि उसके दो साथी मौके से फरार हो गए थे। पकडे़ गए आरोपी शोएब पुत्र शमशाद निवासी सुनहैटी ने अपने साथियों के नाम फरीद और मुबारिक बताया था। पुलिस ने पकडे़ गए आरोपी शोएब को जेल भेज दिया तथा फरार आरोपियों की तलाश प्रारंभ कर दी थी। उधर, सोमवार को रामपुर मनिहारन थाना क्षेत्र के गांव तुरमतखेड़ी निवासी ग्रामीण थाने पहुंचे तथा पुलिस को बताया कि दो दिन पूर्व मुबारिक को फरीद अपने साथ घर से बुलाकर ले गया था। दो दिन से मुबारिक घर नहीं पहुंचा तो परिजनों ने रामपुर थाने में उसकी गुमशुदगी दर्ज कराई थी।
सोमवार सुबह फरीद ने गांव तुरमतखेड़ी पहुंचकर बताया कि फरीद, मुबारिक और शोएब सुनहैटी से बाइक पर पूर्वी यमुना नहर की पटरी मार्ग से गांव तुरमतखेड़ी जा रहे थे। तभी नहर की पटरी पर उनकी बाइक की टक्कर प्रदीप की बाइक से हो गई थी, जिसमें दोनों का झगड़ा होने पर प्रदीप ने बदमाश होने का शोर मचा दिया। जिस पर ग्रामीणों ने आकर मारपीट शुरू कर दी जिसमें फरीद जान बचाकर मौके से भाग गया था। फरीद से मिली जानकारी पर परिजनों ने थानाभवन थाने पहुंचकर पुलिस को साथ लेकर घटनास्थल पर जाकर मुबारिक की तलाश कराई।
घटनास्थल से लगभग 150 मीटर दूरी पर नहर में मुबारिक का शव मिला। इसके बाद पुलिस शव को थाने ले आई। थाने पर मौजूद मुबारिक की मां जनुबा और परिजनों में कोहराम मच गया। उसके भाई मुस्तकीम पुत्र जंगा ने थाने में तहरीर देकर प्रदीप और अज्ञात लोगों के खिलाफ हत्या का आरोप लगाकर कार्रवाई की मांग की है। थाना प्रभारी का कहना है कि तहरीर मिली है, जांच चल रही है।