गांव झाल में कब्र से महिला के शव को निकालते ग्रामीण।
- फोटो : अमर उजाला
शामली क्षेत्र के गांव झाल में दहेज के लिए महिला की जलाकर हत्या के मामले में पुलिस ने जिलाधिकारी से अनुमति लेकर नामित मजिस्ट्रेट के सामने कब्र खोदकर शव निकाला गया। शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। इस मामले में महिला के पति की तहरीर पर पति समेत चार ससुरालियों पर दहेज हत्या का मामला दर्ज है।
बता दें कि बुढ़ाना क्षेत्र के गांव अलीपुर अटेरना निवासी महमूद की पुत्री आसमा की शादी तीन साल पहले शामली के गांव झाल निवासी शहजाद के साथ हुई थी। आरोप था कि ससुराल पक्ष के लोग मायके पक्ष से लगातार दहेज की मांग करते रहे। इसी के चलते बुधवार सुबह उन्होंने आसमा की जलाकर हत्या कर दी और शव को सुपुर्द-ए-खाक कर दिया। इसके बाद पिता की ओर से पति शहजाद समेत चार पर लोगों पर मुकदमा दर्ज कराया गया था।
इसी मामले में घटना और मौत के कारणों की जांच के लिए बृहस्पतिवार को शामली पुलिस ने डीएम सुजीत कुमार से महिला के शव को कब्र से निकलवाने की अनुमति मांगी। डीएम से अनुमति लेकर नामित मजिस्ट्रेट के साथ पुलिस झाल में पहुंची और शव को बाहर निकाला और उसे पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। उधर, सीओ सिटी निशांक शर्मा का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर ही आगे की कार्रवाई की जाएगी।