थानाभवन। हसनपुर लुहारी में लकड़ी व्यापारी के घर हुई डकैती के मामले में एक आरोपी को पुलिस ने रिमांड पर लेकर पूछताछ की तथा उसकी निशानदेही पर कादरगढ़ के जंगल से डकैती के दौरान लूटे गए चांदी के आभूषण बरामद किए।
थानाभवन क्षेत्र के गांव हसनपुर लुहारी निवासी लकड़ी व्यापारी विनोद कुमार और उनके किराएदार वीर सिंह के घर में गत 12 जनवरी को बदमाशों ने डकैती डाली थी। पुलिस ने 17 जनवरी को डकैती का खुलासा कर कुछ चांदी के आभूषण, नगदी व रियाल आदि के साथ आरोपी आबिद, मुरसलीन, नफीस और अनीस को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया था। पकडे़ गए बदमाशों से पूछताछ में आरोपियों ने डकैती में दो दर्जन साथियों के नाम भी पुलिस को बताये थे।
जिस पर पुलिस ने 28 जनवरी को आरोपी कालू उर्फ शहजाद, खुर्शीद उर्फ गुडम, फरमान, मेहरबान, नकीम को लुहारी से गिरफ्तार कर जेल भेज दिया था। डकैती में नामजद मास्टर माइंड आरोपी नफीस सपाटा, शादाब उर्फ भीम, वसीम व इनाम लंगड़ा निवासी खालापार मुजफ्फरनगर अपने पुराने मुकदमों में जमानत तुड़वाकर जेल चले गए थे। इनमें से शादाब उर्फ भीम पुत्र अखलाक को थानाभवन पुलिस ने न्यायालय से अनुमति मिलने पर शनिवार को नौ घंटे की रिमांड पर लिया।
शादाब की निशानदेही पर पुलिस ने कादरगढ़ के जंगल में ग्याना माजरा- कादरगढ़ मार्ग पर बिरालसी पुल के मध्य एक झाड़ी से डकैती में लूटे गए सोने के पानी चढे़ 80 ग्राम चांदी के आभूषण करधनी व हथफूल पंचागला बरामद कर लिया।