कांधला। क्षेत्र के गांव रसूलपुर गुजरान में चेकिंग करनेेेे गए विद्युत निगम के अवर अभियंता और लाइनमैन को ग्रामीणों ने दौड़ा दौड़ाकर पीटा। शुक्रवार को अवर अभियंता वासिक अली तथा लाइनमैन विनोद कुमार टीम के साथ रसूलपुर गुजरान में चेकिंग करने के लिए गए थे।
टीम ने गांव में घर-घर पहुंचकर उपभोक्ताओं को बकाया बिल भुगतान जमा करने पर छूट की जानकारी दी। साथ ही बिजली चोरी करने वालों के खिलाफ चेकिंग अभियान चलाया।
आरोप है कि जब वह किसान शीतल के घर पहुंचकर बकाया बिल भुगतान जमा करने की जानकारी दे रहे थे, तो शीतल ने गाली गलौज कर दी। विरोध करने पर किसान ने अपने पुत्र सुधीर, सुशील के साथ मिलकर अवर अभियंता तथा लाइनमैन की पिटाई कर दी।
सीएचसी में उपचार कराने के बाद किसान शीतल और उसके दोनों बेटों के खिलाफ कांधला थाना पुलिस को तहरीर दी। तहरीर में आरोप लगाया कि आरोपियों ने जान से मारने की नियत से हमला किया, सरकारी कार्य में बाधा डाली और बाइक में तोड़फोड़ कर दी। पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर ली है।