कैराना। कस्बा कैराना से दो बहनों के अपहरण की सूचना से पुलिस में हड़कंप मच गया। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर छानबीन की, जिसमें पता चला कि युवतियों को उनकी मौसी के लड़के लेकर गए हैं। वहीं, युवतियों की बहन ने आरोप लगाया कि सगी मां ही उसकी बहनों के साथ कोई वारदात करा सकती है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
बुधवार दोपहर एक महिला ने पुलिस कंट्रोल रूम को कॉल करके सूचना दी कि उसकी दो छोटी बहनों का सफेद रंग की कार सवार छह युवक जबरन उठाकर ले गए हैं। इस सूचना के बाद यूपी डायल 100 पुलिस मौके पर पहुंची तथा सूचना देने वाली महिला को कोतवाली ले आई।
कोतवाली में महिला ने बताया कि वह कैराना के एक मोहल्ले की निवासी है। उसकी ससुराल बागपत के एक गांव में है। वह एक शादी समारोह में शामिल होने के लिए अपने मायके आई हुई थी। उसकी एक बहन अपनी मर्जी से युवक से शादी करना चाहती है, जबकि मां उसका विरोध करती है।
आरोप है कि बुधवार को मां ने ही उसकी दोनों बहनों को जबरन बागपत भिजवा दिया। उसकी बहनों को बागपत निवासी मौसी के लड़के उठाकर ले गए हैं। आशंका है कि उसकी बहनों के साथ कोई वारदात हो सकती है। इसके बाद पुलिस ने आरोपी युवकों से फोन पर बात की, तो उन्होंने भी पुलिस को बताया कि वह अपनी मौसी के कहने पर दोनों लड़कियों को अपने साथ कैराना से लाए हैं। एसएसआई अमन सिंह का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है।