गांव हुरमजपुर में प्रदशर्न करते मुस्लिम समाज के लोग।
- फोटो : amar ujala
कांधला के गांव हुरमुजपुर में कब्रिस्तान की भूमि पर अवैध कब्जा होने से सोमवार को शव दफनाने के लिए स्थान नहीं मिला। लोगों ने हंगामा किया तो कुछ जिम्मेदार लोगों ने कब्जा हटवा कर शव दफनाने का स्थान बनाया। लोगों ने प्रशासन को जल्द से जल्द अवैध कब्जे हटवाने की चेतावनी दी है।
गांव के बाहरी छोर पर कब्रिस्तान है। रिहान, महबूब, कयूम, रहबर, शाहिद आदि के अनुसार गांव के कुछ लोगों ने कब्रिस्तान की भूमि पर अवैध कब्जा कर पशुओं को बांधना और खाद के लिए गड्ढ़े बना लिए हैं। बार बार अधिकारियों से शिकायत करने के बावजूद अवैध कब्जा नहीं हट पा रहा है। सोमवार की सुबह गांव निवासी इनाम के बेटे की मौत होने पर जब कब्रिस्तान पहुंचे, लेकिन अवैध कब्जे के कारण शव दफनाने की जगह नहीं मिली। इस पर समाज के लोगों में रोष व्याप्त हो गया। उन्होंने हंगामा प्रदर्शन शुरू कर दिया। इस दौरान प्रशासन के खिलाफ जमकर नारेबाजी की गई।
लोगों ने कहा कि अगर शीघ्र ही कब्रिस्तान की भूमि से अवैध कब्जा नहीं हटाया गया तो गांव से पलायन करने को मजबूर हो जाएंगे। उधर, हंगामा की सूचना पर गांव के कुछ जिम्मेदार लोग वहां पहुंचे और कब्रिस्तान की भूमि से अतिक्रमण हटवाना शुरू कराया और कुछ हिस्सा खाली भी करा दिया। इसके बाद ही बालक का शव दफनाने के लिए कब्र तैयार कराई गई और शव सुपुर्द ए खाक किया गया। इस दौरान शहजाद, फारूख, रिहान, सुलेमान, सादिक, इलियास, फैमीदा, सिराजुद्दीन, यासीन और याकूब आदि लोग मौजूद रहे।