कांधला। बालिका की मौत को लेकर दंपति में कांधला थाना परिसर में जमकर विवाद हुआ। परिवार के लोगों ने समझौता कराने का प्रयास किया, लेकिन सुलह नहीं हो पाई। बाद में समाज के लोगों ने दंपति में समझौता करा दिया। इसके बाद बालिका का शव सुपुर्द ए खाक किया जा सका।
जनपद बागपत के थाना बिनौली निवासी हबीब की शादी आठ वर्ष पूर्व कैराना निवासी अख्तर की पुत्री शमा के साथ हुई थी। शादी के बाद महिला ने दो बेटियों को जन्म दिया। उसके बाद दंपति कस्बा कांधला के मोहल्ला नई बस्ती में आकर रहने लगा था। आरोप है कि इस दौरान महिला का एक युवक से प्रेम-प्रसंग शुरू हो गया।
तीन माह पूर्व महिला अपनी दूध पीती बच्ची को लेकर प्रेमी के साथ चली गई। महिला एक बच्ची को अपने पति के पास छोड़ गई थी। महिला के जाने के बाद हबीब बेटी को लेकर अपने गांव लौट गया। शुक्रवार को महिला कस्बा कांधला में आई, और अपने पति को कॉल करके सूचना दी कि बेटी जोया की बीमारी के चलते मौत हो गई है।
सूचना मिलने पर हबीब अपने परिजनों के साथ कांधला पहुंचा और पत्नी से मृत बच्ची को लेकर थाने पहुंच गया। हबीब ने पत्नी पर बेटी की हत्या का आरोप लगाते हुए तहरीर देकर पुलिस से कार्रवाई की मांग की । इसकी सूचना पर पत्नी भी अपने परिवार के लोगों के साथ थाने पहुंच गई। इस दौरान आरोप प्रत्यारोप के बीच दोनों पक्षों के लोगों में थाने में ही नोकझोंक हुई।
पुलिस के हस्तक्षेप के बाद वह शांत हुए, लेकिन हबीब कार्रवाई कराने की बात पर अड़ा रहा। परिवार के लोगों ने समझौता कराने का प्रयास किया, लेकिन वह नहीं माना। बाद में समाज के लोग भी थाने पर जमा हो गए, उनके प्रयास के बाद हबीब ने अपनी तहरीर वापस ले ली और बेटी जोया का शव कब्रिस्तान ले जाकर सुपुर्द ए खाक कर दिया।