कैराना। ट्रक पर हेल्परी कराने के बहाने एक ग्रामीण को फोन करके घर से बुलाने के बाद उसकी छुरा घोंपकर हत्या कर दी गई। उसका शव गन्ने के खेत में पड़ा मिला। पुलिस ने पोस्टमार्टम के लिए शव भेजकर छानबीन शुरू कर दी है।
गांव मलकपुर निवासी हारूण (45) मजूदरी करके परिवार का पोषण करता था। शुक्रवार रात करीब एक बजे उसके मोबाइल पर किसी की कॉल आई। इसमें एक ट्रक पर बतौर हेल्पर का काम करने के लिए उसे बुलाया गया। हारूण कॉल आने के बाद घर से चला गया। शनिवार सुबह हारूण ने अपने बेटे सुहेब से फोन पर बात की। वहीं शनिवार साढे़ तीन बजे ग्रामीणों ने मलकपुर के जंगल में गन्ने के खेत में लहूलुहान हालत में शव पड़ा देखा। मौके पर भीड़ लग गई।
बाद में परिजनों ने शव की शिनाख्त हारूण के रूप में की। हारूण के पेट में छूरा घोंपने का गहरा घाव था। शव के पास ही एक छुरा पड़ा था। कुछ ही दूरी पर
हारूण की चादर पड़ी थी।
ग्रामीणों ने100 नंबर पर कॉल की तो पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। हारूण के भाई युसुफ ने बताया कि उनका भाई बहुत सीधा-सादा था। उसकी किसी से रंजिश नहीं थी। कोतवाली प्रभारी उमेश रोरिया ने बताया कि छानबीन की जा रही है। ग्रामीण की हत्या के कारणों की जांच की जा रही है। जल्द ही घटना का खुलासा किया जाएगा।