कैराना। विधानसभा चुनाव में अवैध शराब की तस्करी रोकने के लिए चलाए जा रहे अभियान में पुलिस ने बरनावी के जंगल में छापा मारकर 1100 लीटर कच्ची शराब पकड़ी है। इसके अलावा कार द्वारा लाई जा रही हरियाणा मार्का अंग्रेजी शराब की दो पेटी पकड़ी। पुलिस ने एक आरोपी भी गिरफ्तार किया है।
शनिवार रात कैराना कोतवाली प्रभारी ने सूचना पर ग्राम बरनावी के जंगल में छापा मारा। पुलिस ने मौके से कच्ची शराब बनाने की चार भट्टियों को पकड़ कर नष्ट कर दिया। पुलिस ने मौके से इन ड्रमों में बना कर रखी गई 1100 लीटर कच्ची शराब भी पकड़ी। पुलिस के पहुंचने से पहले ही आरोपी फरार हो गए थे।
वहीं, दूसरी ओर पुलिस ने रविवार दोपहर पानीपत की ओर से आ रही एक कार को रोककर तलाशी ली तो कार की डिक्की से पुलिस ने दो पेटी हरियाणा मार्का अंग्रेजी शराब की बरामद की। पुलिस ने चालक को हिरासत में ले लिया। उधर, कोतवाली प्रभारी उमेश रोरिया ने बताया कि शराब पकड़ने के इन मामलों में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। पुलिस ने शराब तस्करी के तीन ट्रक, एक कार व चार बाइक सीज की।
पुलिस ने अब तक पांच भट्ठी नष्ट करते हुए आठ तस्करों को जेल भेजा तथा कुल आठ हजार लीटर शराब पकड़ी है। पुलिस का कहना है कि चुनाव के दौरान अवैध शराब का धंधा आैर तस्करी का खेल नहीं चलने दिया जाएगा। ऐसे धंधे की सूचना देने की अपील भी लोगों से की जा रही है।