कांधला। गांव हुरमजपुर में खेत से मूली उखाड़ने को लेकर दलित युवक को गोली मारने के मामले में प्रधान सहित चार लोगों के खिलाफ एससी-एसटी एक्ट सहित संगीन धाराओं में रिपोर्ट दर्ज की है।
रविवार दोपहर सुनील का बेटा विजय घर के पास स्थित प्रधान के खेत में गया था। जहां प्रधान के बेटे निशांत ने उस पर खेत से मूली तोडे़ जाने का आरोप लगाते हुए जातिसूचक शब्दों कहते हुए मारपीट की थी। सुनील के वहां पहुंचने पर दोनों पक्षों के लोगों के बीच कहासुनी हो गई थी। आरोप है कि प्रधान अनिल, बेटे निशांत, भतीजे सर्वोत्तम और प्रधान के ड्राइवर किरणपाल ने सुनील के घर पर पहुंचकर उसके साथ मारपीट की।
इस बीच प्रधान ने पिस्टल से सुनील के ऊपर गोली चला दी थी। जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया था। परिजनों के अनुसार सुनील का मुजफ्फरनगर चिकित्सालय में उपचार चल रहा है।
वारदात को लेकर उक्त घटनाक्रम पर सुनील की पत्नी सरोज ने चारों लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई थी। उधर, मामले में थाना प्रभारी अनुराधा सिंघल ने बताया कि पुलिस ने पीड़ित की पत्नी के तहरीर के आधार पर रिपोर्ट दर्ज कर ली है। आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए दो टीम गठित की गई है। जल्द ही सभी फरार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।