शामली के कांधला में सरकारी अंग्रेजी शराब के ठेके पर पांच युवकों ने मामूली कहासुनी के बाद सेल्समैन पर जान से मारने की नीयत से गोली चला दी । हमले में सेल्समैन बाल-बाल बच गया । उसने थाने में तहरीर देकर एक सिपाही सहित पांच युवकों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई है। पुलिस ने सिपाही सहित दो युवकों को हिरासत में लिया है। अन्य आरोपियों की तलाश की जा रही है।
दिल्ली-सहारनपुर हाईवे पर कांधला मेन बस स्टैंड के पास अंग्रेजी शराब की माडल शॉप है। पीड़ित सेल्समैन गुलबीर उर्फ रोमी के अनुसार बुधवार शाम एक गाड़ी में पांच युवक ठेके पर पहुंचे । इनमें दो युवक ठेके के अंदर गए। आरोप है कि उधार में शराब देने को लेकर सेल्समैन के साथ दोनों युवक गाली-गलौच करने लगे । उसने विरोध किया तो एक युवक ने तमंचा निकालकर गोली चला दी।
गोली सेलसमैन के कान को छूकर निकल गई। हालांकि तेजी से गिरने पर वह घायल हो गया। गोली की आवाज पर लोगों में खलबली मच गई। बाद में पुलिस मॉडल शॉप पर पहुंची। पुलिस ने दो युवकों को दबोच लिया जबकि तीन साथी फरार हो गए। दोनों युवक थाने लाए गए। बाद में एसपी शामली भी थाने पहुंच गए । उन्होंने पीड़ित और हमलावरों से पूछताछ की।
हिरासत में लिए गए युवकों में से एक ने अपना नाम वेदप्रकाश निवासी गांव नाला बताया और दूसरे ने खुद को एलम निवासी प्रमोद बताया। वेदप्रकाश उत्तराखंड में सिपाही बताया गया है जो छुट्टी पर आया था। फरार साथियों में सोनू एवं मोनू निवासी नाला और प्रमोेद निवासी एलम है। सेल्समैन को सीएचसी पर भर्ती कराया गया। यहां से उसे जिला अस्पताल के लिए रेफर कर दिया गया है।
पुलिस ने पीडित गुलबीर की तहरीर पर पांचों के खिलाफ रिपोट दर्ज की। फरार आरोपियों की तलाश की जा रही है। थानाध्यक्ष अनुराधा सिंघल का कहना है कि दो
हमलावरों का चालान हो चुका है। बाकी की तलाश चल रही है। उन्हें जल्द पकड़ लिया जाएगा।