शामली। मोहल्ला नोकुआं रोड में एक महिला परिवारीजनों को चाय में नशीला पदार्थ पिलाकर फरार हो गई। शुक्रवार की सुबह पड़ोस में रह रहे परिवार के अन्य लोगों की सूचना पर उन्हें बेहोश देखा तो सूचना पुलिस को दी। पुलिस ने सभी को सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया।
मोहल्ला नोकुआं रोड पर पुष्पेंद्र अपने परिवार के साथ रहता है। घर में पिता पाल्लेराम, भाई विक्रांत और मां बाला देवी, पत्नी और पांच वर्षीय बच्चा है। सभी बृहस्पतिवार की रात चाय पीकर सो गए। शुक्रवार की सुबह पुष्पेंद्र के भाई सुरेंद्र ने घर में फोन किया, लेकिन किसी ने रिसीव नहीं किया।
सुरेंद्र ने पड़ोस में रह रहे परिवार के अन्य लोगों को इस बाबत सूचना दी। इस पर परिवार के लोग पुष्पेंद्र के घर पहुंचे तो वहां सभी बेहोशी की हालत में पड़े हुए थे, जबकि उसकी पत्नी और बेटा गायब था। मामले की सूचना कोतवाली पुलिस को दी गई।
सूचना पर कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और सभी को सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया। कोतवाली प्रभारी सतीश राय का कहना है कि मामला संज्ञान में आया है कि एक महिला अपने परिजनों को नशीला पदार्थ खिलाकर बेहोश करके चली गई है, परिजनों का कहना है कि वह घर से सामान भी समेट ले गई है।
तहरीर आती है तो जांच कर कार्रवाई की जाएगी। डाक्टर अनुपम सक्सेना तथा डा. जगमोहन के मुताबिक पेट से निकले पदार्थ का सेंपल लेकर जांच के लिए फोरेंसिक लैब भेजा गया है, ताकि पता चल सके कि कौन सी दवाई या पदार्थ दिया गया है।