गांव दभेड़ी खुर्द निवासी जावेद
- फोटो : अमर उजाला
शामली की कैराना पुलिस ने शुक्रवार रात गांव खुरगान के पास से फर्जी आधार कार्ड, पैन कार्ड और आरसी बनाने वाले आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी के पास से गाड़ी, एआरटीओ की फर्जी मोहरें, फर्जी आधार कार्ड और पैन कार्ड आदि सामान बरामद किया। गिरफ्तार आरोपी गांव दभेड़ी खुर्द की प्रधान का देवर है।
शुक्रवार रात पुलिस को सूचना मिली कि गांव खुरगान के पास गाड़ी सवार कुछ लोग फर्जी आधार कार्ड बनाने का कार्य कर रहे हैं। रात करीब पौने तीन बजे पुलिस ने गांव खुरगान के पास शराफत की ट्यूबवेल पर छापा मारा। मौके से गाड़ी सवार जावेद निवासी दभेड़ी खुर्द को गिरफ्तार कर लिया। जबकि उसके साथी जावेद निवासी नंगला राई, अरशद निवासी खुरगान और एक अन्य आरोपी मौके से फरार हो गए। इसके बाद गिरफ्तार आरोपी को पुलिस थाने ले आई। थाना प्रभारी भगवत सिंह ने बताया
कि आरोपी के पास से लैपटॉप, कैमरा, एक ही सीरियल नंबर के कई नाम पते पर बने आधार कार्ड, फर्जी पैन कार्ड, मुजफ्फरनगर एआरटीओ की फर्जी मोहर सहित कई अन्य विभागों की मोहरे बरामद हुई। शनिवार दोपहर आरोपी जावेद को कैराना स्थित न्यायालय में पेश करके जेल भेज दिया गया।
पूर्व में भी जेल जा चुका है जावेद
गांव दभेड़ी खुर्द निवासी जावेद की भाभी ग्राम प्रधान हैं। उसका भाई मुंशाद अली चौहान सक्रिय राजनीति करता है। कोतवाली प्रभारी भगवत सिंह ने बताया कि आरोपी जावेद पूर्व में सहारनपुर, बहादराबाद, गंगोह और रामपुर मनिहारन से बाइक चोरी और फर्जी कागजात बनाने के आरोप में जेल जा चुका है। मौके से फरार हुए उसके साथियों को गिरफ्तार करने के प्रयास चल रहे हैं।