शामली में ट्यूशन पढ़कर घर लौट रही छात्राओं ने बाइक सवार मनचलों ने छेड़छाड़ की। इस दौरान वहां मौजूद लोगों ने विरोध किया तो आरोपी फरार हो गए। लोगों ने जमकर हंगामा किया। उधर सूचना पर पहुंची पुलिस ने कार्रवाई का आश्वासन दिया।
शुक्रवार की देर शाम नगर के मोहल्ला काकानगर के पास टीचर्स कॉलोनी है। शाम को कुछ लड़कियां ट्यूशन पढ़कर लौट रही थी। बताया जाता है उसी दौरान बाइक सवार युवकों ने उन पर फब्तियां कसनी शुरू कर दी। लड़कियों ने विरोध किया आरोपी बाज नहीं आए। कुछ दूरी पर लड़कियों ने मौजूद लोगों को कहा तो उन्होंने मनचलों को पकड़ने का प्रयास किया, लेकिन तब तक सभी मौके से फरार हो चुके थे।
छात्राओं के साथ छेड़छाड़ होने की घटना पर लोगों में रोष फैल गया और उन्होंने जमकर हंगामा किया। सूचना पर कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी, लेकिन तब तक आरोपी मौके से फरार हो चुके थे। लोगों ने मामले में शिकायत पुलिस को की है।