शामली। सवा दो लाख के इनामी बदमाश मुकीम काला ने कम समय में ही लंबा चौड़ा गैंग खड़ा कर दिया था। वर्ष 2013 से चर्चाओं में आए मुकीम काला ने अपनेे गैंग में 17 बदमाश शामिल कर लिए। हालांकि इस गैंग के अधिकतर बदमाशों को पुलिस गिरफ्तार कर चुकी है। इस गैंग के बदमाशों पर हरियाणा व यूपी के विभिन्न थानों में 81 मुकदमे दर्ज हैं।
कैराना के गांव जहानपुरा का रहने वाले 32 वर्षीय मुकीम उर्फ काला पुत्र मुस्तकीम की आर्थिक स्थिति काफी कमजोर रही, जिस कारण वह पढ़ाई भी नहीं कर सका। वह बचपन से ही बुरी संगतों में पड़ गया और राहजनी व लूट जैसी घटनाएं करने लगा। इस बीच वह यूपी के चर्चित बदमाश रहे कग्गा गैंग में शामिल हो गया, जहां उसने संगीत वारदातें करनी शुरू कर दीं।
कग्गा के एनकाउंटर के बाद मुकीम ने अपना खुद का गैंग बनाया। यह गैंग उस समय चर्चाओं में आया, जब वर्ष 2013 में सहारनपुर में सिपाही राहुल ढाका की हत्या कर कारबाइन लूटने की घटना को अंजाम दिया। इसके बाद लगातार मुकीम काला का नाम सुर्खियों में रहने लगा। 17 बदमाशों के इस गैंग ने हरियाणा व पंजाब में लूट, हत्या व डकैती की घटनाओं को अंजाम देना शुरू कर दिया।
इसके बाद हरियाणा व पंजाब पुलिस भी इस गैंग के पीछे लग गई। थोड़े ही समय में इस गैंग के अधिकतर बदमाश हरियाणा पुलिस द्वारा गिरफ्तार कर लिए गए।
मुकीम काला निवासी गांव जहानपुरा लीडर, अरशद निवासी बाढ़ी माजरा थाना गंगोह, साबिर पुत्र रूकम निवासी तिगरी थाना नकुड़, साबिर निवासी जंधेड़ी थाना कैराना, रिजवान निवासी जहानपुरा थाना कैराना, काला उर्फ वाजिद निवासी जंधेड़ी थाना कैराना, सादर निवासी मोहल्ला शेखजादगान, थाना तितरो, हैदर निवासी शेखजादगान थाना तितरो, महताब निवासी बलवा थाना शामली, नीरज निवासी लांक, थाना फु गाना, फरमान निवासी भूरा थाना कैराना, अकबर निवासी बरनावी थाना कैराना, हारून निवासी बरनावी थाना कैराना, आसिफ निवासी खंद्रावली थाना कांधला, मुनशाद निवासी खंद्रावली थाना कांधला, बेशरन निवासी हाजीपुर थाना गंगोह तथा अजरू निवासी हाजीपुर थाना गंगोह।
बढ़ता गया इनाम
शामली। एसटीएफ के आईजी शुजीत पांडे ने कैराना कोतवाली में प्रेसवार्ता के दौरान बताया कि मुकीम काला सवा दो लाख का इनामी है। इसमें एक लाख यूपी पुलिस तथा एक लाख हरियाणा के पानीपत पुलिस की ओर से घोषित किया गया है। आईजी ने बताया कि वर्ष 2013 में बूडिया यमुनानगर थाने में दर्ज लूट व डकैती की घटना के बाद मुकीम पर वहां 25 हजार रूपये का इनाम घोषित किया गया।
इसके बाद मुकीम काला ने हरियाणा में कई ओर घटनाओं को अंजाम दिया। जिसके चलते मुकीम पर हरियाणा पुलिस ने एक लाख का इनाम घोषित किया। यूपी में तनिष्क ज्वैलर्स के यहां हुई डकैती व राहुल ढ़ाका की हत्या के बाद मुकीम पर एक लाख का इनाम अलग से घोषित किया गया था।
अकेले मुकीम पर 32 मुकदमे
अकेले मुकीम काला पर 32 मुकदमेे दर्ज हैं। इनमें 22 मुकदमे लूट व पांच मुकदमे हत्या के दर्ज हुए हैं। यह मुकदमे हरियाणा के यमुनानगर, सहारनपुर, कैराना, शामली व तितरो थाने में दर्ज हुए हैं।
काला को देखने उमड़ी भीड़
कैराना। कुख्यात मुकीम के कैराना कोतवाली में लाए जाने की सूचना पूरे कस्बे में फैल गई, जिसके चलते कोतवाली के बाहर लोगों की भीड़ लगी रही। मुकीम काला को देखने के लिए कस्बे के लोग कोतवाली पर खड़े रहे। जिन्हें पुलिस ने लाठियां फटकार कर भगाया। मंगलवार को एसटीएफ कुख्यात मुकीम काला व उसके साथी साबिर को कोतवाली लेकर पहुंचे, जिसकी सूचना धीरे-धीरे पूरे कस्बे में फैल गई। इसके बाद कोतवाली पर लोगों का जमावड़ा लगा रहा। कस्बे के लोग मुकीम को देखने के लिए उतावले थे।